गुरुग्राम में AWPL के ‘विजय पर्व’ कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, युवाओं को बताया ‘जॉब क्रिएटर’ बनने का मंत्र

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 26 Apr, 2026 10:23 PM
गुरुग्राम में AWPL के ‘विजय पर्व’ कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, युवाओं को बताया ‘जॉब क्रिएटर’ बनने का मंत्र

गुरुग्राम। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुग्राम में आयोजित AWPL के भव्य ‘विजय पर्व’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने डायरेक्ट सेलिंग मॉडल को आत्मनिर्भर भारत का मजबूत माध्यम बताते हुए युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि AWPL के मंच पर उन मेहनती और प्रतिभाशाली साथियों का सम्मान किया जा रहा है, जिन्होंने अपने परिश्रम और समर्पण से सफलता की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि संस्थान डायरेक्ट सेलिंग मॉडल के जरिए उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचा रहा है, जिससे ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सामान मिल रहा है और लाखों लोगों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

डायरेक्ट सेलिंग से लाखों लोगों को मिला अवसर

धामी ने कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट है कि डायरेक्ट सेलिंग मॉडल आज लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन चुका है। उन्होंने AWPL के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ डॉ. संजीव कुमार तथा पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को ‘जॉब सीकर’ से ‘जॉब क्रिएटर’ बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है और डायरेक्ट सेलिंग इसी सोच का सशक्त उदाहरण है। यह मॉडल आर्थिक मजबूती के साथ व्यक्तित्व विकास और कौशल निखारने का भी अवसर देता है।

महिलाओं की भागीदारी पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं ऐसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं और समाज में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। मातृशक्ति के सशक्तिकरण में डायरेक्ट सेलिंग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

डायरेक्ट सेलिंग सेक्टर में आए पारदर्शी नियम

धामी ने कहा कि वर्ष 2021 में केंद्र सरकार ने डायरेक्ट सेलिंग क्षेत्र के लिए उपभोक्ता संरक्षण और स्पष्ट नियम लागू किए, जिससे इस क्षेत्र में पारदर्शिता, विश्वसनीयता और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। इससे डायरेक्ट सेलर्स के अधिकार मजबूत हुए हैं और पूरे सेक्टर को भरोसेमंद ढांचा मिला है।

भारत बना अवसरों की भूमि

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे देश में निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुए हैं। आज भारत को विश्व स्तर पर विकास, विश्वास और अवसरों की भूमि के रूप में देखा जा रहा है।

उन्होंने स्टार्टअप इंडिया, वोकल फॉर लोकल, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है।

उत्तराखंड की उपलब्धियां भी गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में वर्ष 2023 के ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट के तहत 3.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते हुए, जिनमें से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत वृद्धि और प्रति व्यक्ति आय में लगभग 41 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य का वार्षिक बजट 60 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

धामी ने कहा कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं तथा स्टार्टअप्स की संख्या 700 से बढ़कर 1750 से अधिक हो गई है। पर्यटन क्षेत्र में होटल उद्योग में लगभग 25 प्रतिशत और होमस्टे में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हुई है, जिससे स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिला है।

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ से महिलाओं को नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की सोच के तहत ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की गई है, जिसके जरिए स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि इसके परिणामस्वरूप प्रदेश की करीब पौने तीन लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

विकसित भारत के संकल्प में सहभागिता का आह्वान

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से प्रधानमंत्री के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2