उत्तराखंड में 99% मतदाता गणना फॉर्म डिजिटाइज, 15 सितंबर को आएगी अंतिम वोटर लिस्ट

एसआईआर अभियान पर निर्वाचन विभाग की जानकारी, भाजपा ने 98% और कांग्रेस ने 95% बूथ लेवल एजेंट किए नियुक्त

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 4 Jul, 2026 08:21 PM
उत्तराखंड में 99% मतदाता गणना फॉर्म डिजिटाइज, 15 सितंबर को आएगी अंतिम वोटर लिस्ट

देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची के अद्यतन का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शनिवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि प्रदेश में मतदाता गणना फॉर्म के डिजिटाइजेशन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब तक करीब 99 प्रतिशत गणना फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं।


79.57 लाख मतदाताओं का डेटा हुआ डिजिटाइज


डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर एसआईआर की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। 8 जून से 7 जुलाई तक गणना फॉर्म के वितरण और डिजिटाइजेशन का अभियान चलाया गया। प्रदेश के 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं में से 71 लाख 16 हजार 650 मतदाताओं के गणना फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। वहीं 8 लाख 41 हजार 20 मतदाता ‘अनकलेक्टेड श्रेणी’ में शामिल हैं। इनमें 1 लाख 24 हजार 278 मृत, 4 लाख 79 हजार 762 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 61 हजार 888 पहले से पंजीकृत, 1 लाख 66 हजार 741 अनुपस्थित तथा 8 हजार 351 अन्य कारणों से इस श्रेणी में शामिल हैं। इस प्रकार कुल 79 लाख 57 हजार 670 मतदाताओं का डेटा और फॉर्म डिजिटाइज कर लिया गया है।


14 जुलाई को जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची


अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। वहीं 14 जुलाई से 11 सितंबर तक नोटिस जारी करने और दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।


राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग


डॉ. जोगदंडे ने एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 11,733 मतदान केंद्रों के सापेक्ष अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों ने 23,102 बीएलए नियुक्त किए हैं।


भाजपा और कांग्रेस ने सबसे अधिक बीएलए किए तैनात


निर्वाचन विभाग के अनुसार, भाजपा ने 11,504 बीएलए नियुक्त कर लगभग 98 प्रतिशत बूथों को कवर किया है, जबकि कांग्रेस ने 11,105 बीएलए नियुक्त कर करीब 95 प्रतिशत कवरेज हासिल की है। इसके अलावा सीपीआई (एम) ने 378, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 115 बीएलए नियुक्त किए हैं, जबकि आम आदमी पार्टी ने अभी तक एक भी बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति नहीं की है।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2