उत्तराखंड के 6 हजार कर्मचारियों को ₹24 करोड़ की सौगात, सीएम धामी बोले- युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Jun, 2026 11:05 PMदेहरादून। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत उत्तराखंड को बड़ी सौगात मिली है। राज्य के लगभग 6 हजार कर्मचारियों और 900 से अधिक नियोक्ताओं को ₹24 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी पूंजी है और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के लाभार्थी कर्मचारियों और नियोक्ताओं को सम्मानित किया। देशभर में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए 15 लाख से अधिक युवाओं और श्रमिकों को करीब ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि वितरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई यह योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को ₹15 हजार तक की सहायता राशि दी जा रही है, जबकि रोजगार देने वाले संस्थानों को प्रत्येक अतिरिक्त कर्मचारी पर चार वर्षों तक ₹3 हजार प्रतिमाह की सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने, कौशल विकास, स्वरोजगार और औद्योगिक निवेश को प्राथमिकता दी जा रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक औद्योगिक और निवेश नीतियां लागू की गई हैं। वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए ₹3.56 लाख करोड़ से अधिक निवेश प्रस्ताव मिले, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ से अधिक निवेश धरातल पर उतर चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने औद्योगिक माहौल बेहतर बनाने के लिए लाइसेंसिंग प्रक्रिया को सरल बनाया है और सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया है। काशीपुर में अरोमा पार्क, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क और किच्छा फार्म में 1000 एकड़ से अधिक भूमि पर स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने पर काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों का परिणाम है कि राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि दर्ज हुई है। पिछले एक वर्ष में GSDP में 7.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी, प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत वृद्धि और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी आई है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल अवसरों की प्रतीक्षा न करें बल्कि अपनी प्रतिभा, कौशल और नवाचार के दम पर स्वयं अवसरों का निर्माण करें। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काउ, विधायक सविता कपूर, आयुक्त भविष्य निधि उत्तराखंड सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।



No Previous Comments found.