उत्तराखंड : 483 युवाओं को नियुक्ति पत्र, धामी बोले—मेहनत और प्रतिभा से मिल रही सरकारी नौकरी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 22 May, 2026 06:41 PM
उत्तराखंड : 483 युवाओं को नियुक्ति पत्र, धामी बोले—मेहनत और प्रतिभा से मिल रही सरकारी नौकरी

देहरादून, 22 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में सिंचाई एवं कृषि विभाग के अंतर्गत चयनित 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें सिंचाई विभाग के 473 और कृषि विभाग के 10 पद शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और सख्त नकल विरोधी कानून के कारण अब सरकारी नौकरियां मेहनत और प्रतिभा के आधार पर मिल रही हैं।


मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री एवं मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी ने ऐसे उत्तराखंड का सपना देखा था, जहां युवाओं की पहचान उनकी मेहनत और प्रतिभा से हो। आज युवाओं को दिए जा रहे नियुक्ति पत्र उसी सोच को आगे बढ़ाने का प्रमाण हैं।


धामी ने चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह नियुक्ति पत्र उनकी मेहनत, लगन और संकल्प का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ अपने दायित्व निभाते हुए राज्य और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि हर युवा की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, परिवार का संघर्ष और वर्षों की मेहनत होती है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता से ही योग्य और ईमानदार लोग व्यवस्था का हिस्सा बनते हैं। राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून के सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में प्रदेश के करीब 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, जो पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का परिणाम है।


उन्होंने कहा कि सभी युवाओं का लक्ष्य देवभूमि उत्तराखंड की सेवा होना चाहिए। कोई भी विभाग भवनों और फाइलों से नहीं, बल्कि कर्मठ और ईमानदार लोगों से चलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार भी सिंचाई व कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।


मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की जीएसडीपी विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि पिछले चार वर्षों में प्रति व्यक्ति आय में लगभग 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राज्य का बजट आकार एक लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है और बेरोजगारी दर में भी रिकॉर्ड गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि अब पहाड़ का युवा पलायन नहीं, बल्कि संभावनाएं देख रहा है।


सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्तराखंड के विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में योग्यता आधारित और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया ने युवाओं में भरोसा मजबूत किया है।


कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि चयनित युवा अपने जीवन का नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद अब पात्र और मेहनती युवाओं को ही अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं तलाश रहे हैं।


कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, महंत दलीप सिंह रावत, प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सुरेंद्र नारायण पांडे और युगल किशोर पंत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2