उत्तराखंड में 4-5 मई को ऑरेंज अलर्ट, तेज बारिश-आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 2 May, 2026 08:52 PM
उत्तराखंड में 4-5 मई को ऑरेंज अलर्ट, तेज बारिश-आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

देहरादून:
राज्य में संभावित खराब मौसम को देखते हुए 4 और 5 मई के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जनपदों को पत्र जारी कर सतर्कता बरतने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में 4 और 5 मई को गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि, तेज से अति तेज बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।


इसके अलावा 5 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 2 से 6 मई तक राज्य के अन्य हिस्सों में येलो अलर्ट के तहत खराब मौसम की आशंका जताई गई है।


प्रशासन अलर्ट, निगरानी बढ़ाने के निर्देश
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित करने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और राहत-बचाव दलों को तत्पर रखने को कहा गया है।


सड़कों और सेवाओं की त्वरित बहाली पर जोर
राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और बीआरओ को निर्देश दिए गए हैं कि मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल बहाली सुनिश्चित की जाए। साथ ही ग्राम स्तर तक अधिकारियों को सक्रिय रहने और आवश्यक उपकरण व संसाधन तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।


स्कूलों और आमजन की सुरक्षा पर फोकस
प्रशासन ने अधिकारियों को अपने संचार माध्यम सक्रिय रखने और आपात स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित करने को कहा है। इसके साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।


मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों से भी सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2