उत्तराखंड : 3 दिन में जारी हों जीओ, कुम्भ-2027 तैयारियों पर मुख्य सचिव सख्त
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 29 Apr, 2026 05:02 PMदेहरादून, 29 अप्रैल 2026। उत्तराखंड में कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर शासन स्तर पर तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर निर्माण कार्यों के शासनादेश (जीओ) जारी होने में देरी पर नाराजगी जताई और सभी आपत्तियों का निस्तारण कर तीन दिन के भीतर जीओ जारी करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि कुम्भ मेला जैसे विशाल आयोजन के लिए समयबद्ध कार्ययोजना जरूरी है। उन्होंने भूमि अधिग्रहण और भूमि आवंटन की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने को कहा। साथ ही विभागों और संस्थानों को आवंटित की जाने वाली भूमि 30 जून तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आयुक्त गढ़वाल को भूमि अधिग्रहण और आवंटन प्रक्रिया को कुम्भ मास्टर प्लान में शामिल करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य सचिव ने निर्माणदायी संस्थाओं को मेला क्षेत्र में अपने कार्यालय मजबूत करने और आवश्यक तैनातियां शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्थायी प्रकृति के जरूरी कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू करने को कहा।
यातायात प्लान जल्द हो फाइनल
मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी, आईजी कुम्भ और डीआरएम मुरादाबाद को संयुक्त बैठक कर रेलवे और सड़क मार्ग यातायात योजना जल्द अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार, नजीबाबाद और मंगलौर मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग स्पर और जंक्शन निर्माण व मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराएं।
साथ ही आसपास के जिलों में पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश भी जिलाधिकारियों को दिए गए। आकस्मिक यातायात योजना भी पहले से तैयार रखने को कहा गया।
प्रदेश सीमाओं पर भी हों सुविधाएं
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि राज्य में प्रवेश करने वाले प्रमुख स्थानों पर पार्किंग, रुकने, भोजन और शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएं। कुम्भ क्षेत्र के चिह्नित पार्किंग स्थलों पर भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
सैनिटेशन पर विशेष जोर
उन्होंने पूरे कुम्भ क्षेत्र के लिए समर्पित सैनिटेशन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए स्वच्छता व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में पर्यटक सूचना केंद्र स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
शाम को होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
मुख्य सचिव ने कुम्भ मेले के दौरान प्रदेश की लोक संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख स्नान पर्वों को छोड़कर अन्य दिनों में प्रत्येक शाम पौराणिक, ऐतिहासिक और लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे उत्तराखंड की संस्कृति देश-विदेश तक पहुंचे।
बैठक में विभिन्न विभागों के सचिव, मेलाधिकारी, आईजी कुम्भ और रेलवे अधिकारियों सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


No Previous Comments found.