उत्तराखंड : 257 करोड़ की विकास स्वीकृतियाँ: सड़कों, नगरीय सुविधाओं, खेल, आपदा राहत और कुम्भ तैयारियों को मिली रफ्तार
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 21 Feb, 2026 11:45 PMदेहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़क सुधारीकरण कार्यों, स्थानीय निकायों के अंतर्गत विकास कार्यों, जल उपचार संयंत्रों की स्थापना, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक निर्माण आदि के लिए कुल ₹ 257 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने जनपद अल्मोड़ा के विधानसभा क्षेत्र जागेश्वर के अंतर्गत मोरनौला–जैती मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य हेतु ₹ 4.26 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।
राज्य योजना के अंतर्गत जनपद नैनीताल के विधानसभा क्षेत्र भीमताल में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 87 पर कोठगोदाम बाईपास मोटर रोड (काठगोदाम से रानीबाग खंड) के निर्माण हेतु ₹ 4.70 करोड़, जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र पौड़ी के विकासखंड कोट में व्यासघाट से ग्राम सिल्सू मोटर मार्ग के कि.मी. 1.00 से कि.मी. 5.00 तक पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य हेतु ₹ 3.86 करोड़ तथा जनपद देहरादून के विधानसभा क्षेत्र मसूरी के अंतर्गत देहरादून–किमाड़ी–लंबीधार–कार्ट मेकेंजी कंपनी गार्डन मोटर मार्ग के कि.मी. 1 से 24 (सप्लाई कैल्ट से लंबीधार, बासागढ़ मसूरी तक सिंगल लेन से इंटरमीडिएट लेन में परिवर्तन हेतु अतिरिक्त पहाड़ कटान, क्रॉस ड्रेनेज एवं दीवारों के निर्माण) हेतु ₹ 14.55 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में समस्त शहरी स्थानीय निकायों को आबद्ध/निर्दिष्ट अनुदान के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 की द्वितीय किश्त हेतु ₹ 58.37 करोड़ तथा शहरी विकास विभाग के अंतर्गत 08 नगर निकायों—नगर निगम हल्द्वानी–काठगोदाम, नगरपालिका परिषद गौचर, नगर पंचायत महुवाखेड़ागंज, नगर पंचायत चमियाला, नगरपालिका परिषद किच्छा, नगर पंचायत नंदप्रयाग, नगरपालिका परिषद नरेंद्रनगर एवं नगर पंचायत तपोवन—में ‘देवभूमि रजत जयंती पार्क’ के निर्माण हेतु ₹ 5.65 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अंतर्गत समस्त जिला पंचायतों को वित्तीय वर्ष 2025-26 की चतुर्थ त्रैमासिक किश्त के रूप में ₹ 79.09 करोड़ तथा 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में शहरी स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों हेतु ₹ 81.57 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
जनपद पौड़ी गढ़वाल की पौड़ी शाखा के अंतर्गत चिनवाड़ी डांडा में 1.53 एमएलडी जल उपचार संयंत्र के निर्माण हेतु ₹ 3.72 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
कोटद्वार में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक निर्माण परियोजना हेतु संस्तुत धनराशि ₹ 246.60 लाख के सापेक्ष ₹ 79.68 लाख अवमुक्त किए जाने तथा लघु सिंचाई विभाग के अंतर्गत चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु नवीन एसएलएस के लिए ₹ 39.04 लाख राज्य आकस्मिकता निधि से स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने किया लोकतंत्र सेनानी सम्मान पेंशन अनुमन्य किए जाने का अनुमोदन
मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानी सम्मान राशि की आवेदिका प्रेमलता वर्मा, पत्नी स्वर्गीय सुरेंद्र मोहन वर्मा, निवासी हीरानगर हल्द्वानी (नैनीताल) को दिनांक 18.08.2025 से ₹ 20,000 प्रतिमाह लोकतंत्र सेनानी सम्मान राशि अनुमन्य किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है।
आगामी कुम्भ मेले की अवस्थापना सुविधाओं हेतु ₹ 90.36 करोड़ स्वीकृत
कुम्भ मेला–2027 के अंतर्गत विभिन्न विभागों के प्रस्तावित 40 कार्यों हेतु ₹ 90.36 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया है।
आपदा की दृष्टि से ₹ 4.00 करोड़ की धनराशि स्वीकृत
जनपद अल्मोड़ा में प्राकृतिक आपदा से पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त 01 आवासीय भवन स्वामी को ₹ 3.00 लाख तथा प्राकृतिक आपदा से मृत 01 व्यक्ति के विधिक आश्रित को ₹ 1.00 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।
उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना हेतु ₹ 3.47 करोड़ स्वीकृत
खेल विभाग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना हेतु ₹ 3.47 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
दिव्यांग छात्रों को सिविल सेवा परीक्षा की निःशुल्क कोचिंग हेतु ₹ 19.75 लाख स्वीकृत
राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान, देहरादून द्वारा दिव्यांग छात्रों को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग प्रदान किए जाने हेतु ₹ 19.75 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।


No Previous Comments found.