कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, अक्टूबर 2026 तक पूरे होंगे सभी प्रमुख कार्य
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Mar, 2026 09:06 PMदेहरादून, 18 मार्च 2026
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में कुंभ 2027 की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कुंभ से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई और तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश जारी किए गए।
मुख्य सचिव ने जिन कार्यों के शासनादेश (जीओ) अब तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक करोड़ रुपये से कम लागत के अस्थायी कार्यों की संस्तुति के लिए अधिकारों का विकेंद्रीकरण किया जाएगा, जिसके तहत आयुक्त गढ़वाल की अध्यक्षता वाली समिति इन कार्यों की अनुशंसा करेगी।
बैठक में कुंभ से जुड़े महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों चंडीदेवी और मनसा देवी के कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, सभी परियोजनाओं को आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता तय कर आगे बढ़ाने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने टेंट, बैरीकेडिंग और अन्य व्यवस्थाओं के लिए एजेंसियों के पैनल तैयार करने हेतु बिडिंग प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के सचिवों और विभागाध्यक्षों को अपने स्तर पर तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
कुंभ कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ऑडिट टीम जल्द तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। सूचना, पर्यटन और संस्कृति विभाग को अगली उच्च स्तरीय समिति (एचपीसी) बैठक में अपनी विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा गया है। वहीं, मेलाधिकारी को कुंभ के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए।
कनखल क्षेत्र में यातायात दबाव कम करने के लिए विशेष योजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा गया है। साथ ही, सभी निर्माण कार्यों को अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेलाधिकारी सोनिका ने बैठक में जानकारी दी कि विभिन्न विभागों द्वारा कुल 191.30 करोड़ रुपये की लागत से 33 कार्य किए जा रहे हैं। इनमें से 31 कार्यों पर काम शुरू हो चुका है, जबकि शेष दो कार्यों की निविदा प्रक्रिया जारी है। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का भरोसा जताया।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, सी. रविशंकर, रणवीर सिंह चौहान और विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


No Previous Comments found.