कुंभ 2027: तैयारियों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, मुख्य सचिव के सख्त निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 2 Apr, 2026 09:51 PMहरिद्वार, 2 अप्रैल 2026:
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड सरकार ने कमर कस ली है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हरिद्वार पहुंचकर मेला नियंत्रण भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की और सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा कि कुंभ मेला का आयोजन दिव्य और भव्य होना चाहिए, इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने सीवर लाइन निर्माण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि खुदाई के बाद सड़कों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। अपर रोड का कार्य एक सप्ताह में और शेष कार्य 30 जून तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यों की दैनिक निगरानी के लिए अधिकारियों की समिति गठित कर नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।
गंगा की स्वच्छता पर सख्ती
मुख्य सचिव ने गंगा नदी की स्वच्छता और अविरलता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सीवर या गंदा पानी गंगा में न जाने पाए। सभी नालों को सीवर लाइन से जोड़ने और इसकी तत्काल वीडियोग्राफी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
पीएनजी कनेक्शन और बिजली व्यवस्था पर जोर
कुकिंग गैस की समस्या के समाधान के लिए आश्रमों, धर्मशालाओं और होटलों में पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने हेतु शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भूमिगत लाइनों की निगरानी, खंभों को हटाने और वितरण बॉक्स को उचित स्थानों पर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
घाटों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर फोकस
मुख्य सचिव ने घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश देते हुए नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की स्थापना पर जोर दिया। साथ ही मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर मार्गों के सुधार कार्यों को भी तय समय में पूरा करने को कहा।
ट्रैफिक और पार्किंग योजना को लेकर उन्होंने सभी हितधारकों से सुझाव लेकर मंडलायुक्त स्तर पर अंतिम रूप देने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी सुदृढ़
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने हरिद्वार मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द पूरा करने और उसकी सुविधाओं को उपयोग में लाने के निर्देश दिए। साथ ही 15 दिनों के भीतर 3 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और नई लाइन बिछाने को कहा। कुंभ के दौरान एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और बोट एंबुलेंस की तैनाती पर भी चर्चा की गई।
अब तक 55 कार्य स्वीकृत
मेलाधिकारी सोनिका ने बैठक में जानकारी दी कि अब तक 36 स्थायी और 19 अस्थायी कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। साथ ही 32 सेक्टरों का विस्तृत प्लान तैयार कर लिया गया है और सभी कार्यों की गुणवत्ता व समयसीमा की निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
हितधारकों से भी लिया फीडबैक
बैठक से पहले मुख्य सचिव ने गंगा सभा, व्यापार मंडल, आश्रम-होटल संचालकों, टैक्सी-ऑटो यूनियन और सफाई कर्मियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनके सुझाव और समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने सभी से कुंभ मेला-2027 के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन में सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में सचिव शहरी विकास नितेश झा, गढ़वाल मंडलायुक्त विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


No Previous Comments found.