कुंभ 2027 के कार्यों के शासनादेश शीघ्र जारी हों, निर्माण समय पर पूरे किए जाएं: आनन्द बर्द्धन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Apr, 2026 07:54 PMदेहरादून, 27 अप्रैल 2026। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि कुंभ मेला 2027 से जुड़े सभी कार्यों के शासनादेश शीघ्र जारी किए जाएं, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें। उन्होंने संबंधित विभागों को तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में सचिव समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें कुंभ मेला 2027 की तैयारियों, वनाग्नि नियंत्रण और प्रदेश में एलपीजी गैस आपूर्ति समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य सचिव ने सबसे पहले कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा की और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि समय पर शासनादेश जारी होने से परियोजनाओं का क्रियान्वयन तेज होगा और सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा में पूरी की जा सकेंगी।
वनाग्नि की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने वन विभाग से प्रदेशभर की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जंगलों में आग लगने की घटनाओं पर रिस्पांस टाइम लगातार कम किया जाए और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने वरिष्ठ अधिकारियों की जनपदवार ड्यूटी लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारियों के फील्ड में पहुंचने से हालात पर बेहतर नियंत्रण होगा और निगरानी व्यवस्था मजबूत बनेगी। उन्होंने जानबूझकर जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में प्रदेश में एलपीजी गैस आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी जिलों से आपूर्ति की अद्यतन जानकारी ली और जिलाधिकारियों को मांग एवं आपूर्ति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही कालाबाजारी रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनाई, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, चंद्रेश कुमार यादव, श्रीधर बाबू अद्धांकी, रविनाथ रमन, विनोद कुमार सुमन, रणवीर सिंह चौहान, आनंद स्वरूप, डॉ. अहमद इकबाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.