गोल्ज्यू महोत्सव-2026 का भव्य समापन, मुख्यमंत्री धामी बोले- चम्पावत को बनाएंगे देश का आदर्श जिला

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 16 May, 2026 11:02 PM
गोल्ज्यू महोत्सव-2026 का भव्य समापन, मुख्यमंत्री धामी बोले- चम्पावत को बनाएंगे देश का आदर्श जिला

चम्पावत। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने चम्पावत में आयोजित ऐतिहासिक ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ के समापन समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि चम्पावत को देश का सर्वश्रेष्ठ और आदर्श जिला बनाना राज्य सरकार का “विकल्प रहित संकल्प” है। 04 मई से प्रारंभ हुए 13 दिवसीय सांस्कृतिक एवं धार्मिक महोत्सव का शुक्रवार को हर्षोल्लास और जनउत्साह के साथ समापन हो गया।


मुख्यमंत्री ने नगरपालिका परिषद चम्पावत, जिला प्रशासन और क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


न्याय के देवता के रूप में पूजनीय श्री गोल्ज्यू महाराज की पावन भूमि को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गोल्ज्यू महोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि चम्पावत की सांस्कृतिक पहचान, ऐतिहासिक विरासत और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का वातावरण तैयार करते हैं।


मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को महोत्सव की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों की मातृशक्ति द्वारा लगाए गए स्टॉलों से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिली है। पहाड़ी दालों, हस्तशिल्प, ऑर्गेनिक उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों की बिक्री से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।


उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनजागरूकता और स्वरोजगार आधारित स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जो सराहनीय पहल है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत जनपद चम्पावत के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ‘मानसखंड मंदिर माला मिशन’ के अंतर्गत कुमाऊं क्षेत्र के प्राचीन धार्मिक स्थलों को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में माँ वाराही धाम देवीधुरा, बालेश्वर मंदिर और पाताल रुद्रेश्वर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों का सुनियोजित विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।


उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चम्पावत में ‘गोल्ज्यू कॉरिडोर’ और टनकपुर में ‘शारदा कॉरिडोर’ का निर्माण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही आंतरिक मोटर मार्गों के चौड़ीकरण, आधुनिक पार्किंग सुविधाओं के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में प्रस्तावित आधुनिक ड्राई पोर्ट, अंतरराष्ट्रीय स्तर का साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, आईएसबीटी टनकपुर, आंतरिक पेयजल योजनाएं और मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं जिले में विकास की नई इबारत लिख रही हैं। इन परियोजनाओं से रोजगार और स्वरोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।


उन्होंने क्षेत्रवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से विकास की गति लगातार आगे बढ़ती रहेगी।


महोत्सव के अंतिम तीन दिनों में आयोजित ‘स्टार नाइट’ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। समापन अवसर पर लोकगायक Inder Arya, प्रख्यात गायिका Maya Upadhyay तथा युवा गायक Neeraj Chufal ने कुमाऊंनी और गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुतियों से समूचे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दर्शक झूमते नजर आए और इसी के साथ गोल्ज्यू महोत्सव-2026 का भव्य समापन संपन्न हुआ।


इस दौरान दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश महराणा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2