चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ: गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, पीएम मोदी के नाम से हुई पहली पूजा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 19 Apr, 2026 03:27 PM
चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ: गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, पीएम मोदी के नाम से हुई पहली पूजा

उत्तरकाशी, 19 अप्रैल 2026। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर रविवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण, पूजा-अर्चना और पारंपरिक विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया।

दोनों धामों में इस वर्ष पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न कराई गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम पहुंचकर कपाटोद्घाटन समारोह में संकल्प लिया और प्रधानमंत्री के नाम से विशेष पूजा-अर्चना कर चारधाम यात्रा के सफल संचालन तथा देश-प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

विधि-विधान के साथ खुले कपाट

धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से रवाना होकर गंगोत्री धाम पहुंची। मंदिर में विशेष पूजा-अभिषेक के बाद दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

वहीं मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से यमुनोत्री धाम पहुंची। वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के बाद 12 बजकर 35 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट खोले गए।

गंगोत्री धाम पहुंचे मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में मां गंगा के मंदिर में दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने देव डोली से आशीर्वाद भी प्राप्त किया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा के व्यापक इंतजाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। राज्य सरकार की प्राथमिकता यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाना है। इसके लिए यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाले हर श्रद्धालु को दिव्य दर्शन के साथ सुरक्षित और अविस्मरणीय यात्रा अनुभव मिले।

ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा की अपील

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा में सहयोग की अपील करते हुए स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का आग्रह किया।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, प्रताप पंवार, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, एसपी कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्रा, किशोर भट्ट, मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2