प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल भारत के स्वर्णिम बदलाव का दौर, उत्तराखंड को मिला अभूतपूर्व विकास: धामी

मुख्यमंत्री बोले- आत्मविश्वास, सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए भारत की पहचान बना मोदी युग, उत्तराखंड को मिली लाखों करोड़ की परियोजनाएं

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 12 Jun, 2026 08:16 PM
प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल भारत के स्वर्णिम बदलाव का दौर, उत्तराखंड को मिला अभूतपूर्व विकास: धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पिछले 12 वर्षों का कार्यकाल देश की प्रगति, विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला स्वर्णिम कालखंड रहा है। उन्होंने कहा कि यह दौर आत्मविश्वास से भरे, सुरक्षित और विश्व पटल पर मजबूत भारत की पहचान का दौर है, जबकि उत्तराखंड के लिए यह समय अभूतपूर्व विकास और ऐतिहासिक परियोजनाओं का साक्षी बना है।


भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बतौर निर्वाचित प्रधानमंत्री 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मोदी ने न केवल सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया है, बल्कि भारत को विकासशील देश की सीमाओं से निकालकर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि 2014, 2019 और 2024 में लगातार तीसरी बार जनता का आशीर्वाद यह साबित करता है कि देश अब “नारे नहीं, काम पर वोट” देता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि देश ने वह दौर भी देखा जब विशेषकर कांग्रेस शासनकाल में योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहती थीं, लेकिन मोदी सरकार में योजनाएं बनती भी हैं और समय पर धरातल पर उतरती भी हैं। उन्होंने कहा कि पहले सरकारें शिलान्यास करती थीं और पीढ़ियां उद्घाटन का इंतजार करती थीं, जबकि आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शिलान्यास और उद्घाटन दोनों देखने को मिल रहे हैं।


धामी ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक गरीबी हटाने के नारे दिए लेकिन केवल अपने नेताओं की गरीबी हटाई, जबकि मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का ऐतिहासिक काम किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रांति और डीबीटी प्रणाली के जरिए 4.31 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बचाए गए, जिससे योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचा और भारत दुनिया में सबसे अधिक डिजिटल लेनदेन करने वाला देश बना।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने सांस्कृतिक और धार्मिक पुनर्जागरण का भी नया दौर देखा है। उन्होंने कहा कि दशकों तक लंबित रहे राम मंदिर निर्माण को साकार करने के साथ काशी, केदारनाथ, बद्रीनाथ, उज्जैन महाकाल और सोमनाथ जैसे पवित्र स्थलों का अभूतपूर्व विकास हुआ है, जिसने भारत की सांस्कृतिक आस्था और राष्ट्रीय गौरव दोनों को नई पहचान दी है।


देश की सुरक्षा नीति का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि यह नया भारत है जो आतंकवादी घटनाओं पर केवल निंदा नहीं करता बल्कि घर में घुसकर जवाब देता है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाइयों ने दुनिया को भारत की नई सुरक्षा नीति से परिचित कराया है। साथ ही नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में भी भय का वातावरण समाप्त हुआ है और विकास का दायरा बढ़ा है।


उत्तराखंड का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विशेष स्नेह और मार्गदर्शन से राज्य में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पुनर्विकास, चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, हेमकुंड साहिब और केदारनाथ रोपवे परियोजनाएं राज्य की तस्वीर बदलने का काम कर रही हैं।


उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से सीमांत गांवों में विकास की नई धारा पहुंची है और 2.54 लाख से अधिक महिलाओं का लखपति दीदी बनना उत्तराखंड में महिला सशक्तिकरण की बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच ने सीमावर्ती गांवों में फिर से उम्मीद और विकास दोनों लौटाए हैं।


धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं को दशकों तक फाइलों में दबाकर रखा गया, उन्हें डबल इंजन सरकार ने धरातल पर उतारा। उन्होंने जमरानी, लखवाड़-व्यासी और किसाऊ परियोजनाओं को इसका उदाहरण बताया।


राहुल गांधी के हालिया उत्तराखंड दौरे पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के लिए उत्तराखंड केवल चुनावी पर्यटन का विषय रहा, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने इसे अपने आध्यात्मिक और भावनात्मक संबंधों से जोड़ा है।


कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक मजबूत, सक्षम और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका है।


मीडिया संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों तथा विकसित भारत 2047 के विजन पर आधारित एक संक्षिप्त वृत्तचित्र भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, राजेंद्र नेगी और कमलेश रमन सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2