उत्तराखंड : 109 वोटों से जीते दीपक जोशी, फिर बने सचिवालय संघ अध्यक्ष
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 16 May, 2026 08:30 AMदेहरादून। उत्तराखंड सचिवालय संघ के द्विवार्षिक चुनाव में एक बार फिर दीपक जोशी ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी प्रदीप पपनै को 109 वोटों के अंतर से हराया। दीपक जोशी को 594 जबकि प्रदीप पपनै को 485 वोट मिले।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही सचिवालय परिसर में समर्थकों ने जमकर खुशी मनाई। पिछले कई दिनों से सचिवालय में चुनावी माहौल बना हुआ था और कर्मचारियों के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार प्रचार अभियान चला।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राकेश जोशी ने जीत हासिल की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर संजय कुमार शर्मा विजयी रहे। महिला उपाध्यक्ष पद पर प्रमिला टम्टा ने रेनू भट्ट को बड़े अंतर से हराया। प्रमिला को 630 और रेनू भट्ट को 451 वोट मिले।
महासचिव पद पर राजेंद्र रतूड़ी ने विमल जोशी को हराकर जीत दर्ज की। वहीं सचिव पद पर अतुल कुमार सिंह विजयी रहे। उन्होंने अमित कुमार और पुष्कर सिंह नेगी को पीछे छोड़ा।
चुनाव के दौरान कर्मचारियों के हित, पदोन्नति, सुविधाएं और कार्य परिस्थितियों जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। अब नई कार्यकारिणी के सामने कर्मचारियों की उम्मीदों पर खरा उतरने और लंबित समस्याओं के समाधान की बड़ी चुनौती रहेगी।



No Previous Comments found.