उत्तराखंड : देशभर में HPV टीकाकरण अभियान की शुरुआत, बेटियों के स्वास्थ्य को मिला सुरक्षा कवच

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 28 Feb, 2026 05:56 PM
उत्तराखंड : देशभर में HPV टीकाकरण अभियान की शुरुआत, बेटियों के स्वास्थ्य को मिला सुरक्षा कवच

देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया तथा एचपीवी टीकाकरण हेतु आई 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से संवाद कर उन्हें टीके के लाभों की जानकारी दी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर प्रधानमंत्री ने यह सिद्ध किया है कि नारी सम्मान और सुरक्षा उनके लिए केवल नारा नहीं, बल्कि अटल संकल्प है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर मातृशक्ति के स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है। भारत में वर्ष 2024 में इस बीमारी के 78 हजार से अधिक मामले सामने आए, जिनमें 42 हजार से अधिक महिलाओं की दुखद मृत्यु हुई। इसी गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है, जिससे इस बीमारी की रोकथाम सुनिश्चित हो सके और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य मिल सके।


मुख्यमंत्री ने बताया कि अजमेर से प्रारंभ इस अभियान के अंतर्गत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। उत्तराखंड में पहले चरण में 155 केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अभियान की सफलता के लिए डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है तथा कोल्ड-चेन व्यवस्था को मजबूत किया गया है।


मुख्यमंत्री ने सभी फ्रंटलाइन हेल्थ वॉरियर्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश में स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक बदलाव आया है। पहले जहाँ 387 मेडिकल कॉलेज थे, आज उनकी संख्या बढ़कर 819 हो गई है। मेडिकल छात्रों की संख्या में डेढ़ गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। पिछले 11 वर्षों में 23 नए एम्स स्थापित कर मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ किया गया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से करोड़ों महिलाओं को चूल्हे के धुएँ से मुक्ति मिली है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ‘स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड’ के लक्ष्य के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के अंतर्गत राज्य में अब तक करीब 61 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। राज्य के प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। पाँच मेडिकल कॉलेज संचालित हो चुके हैं और दो नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध हैं। हल्द्वानी में राज्य के प्रथम आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण भी प्रगति पर है। हेली एंबुलेंस सेवा, निःशुल्क पैथोलॉजिकल जांच, जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का आधुनिकीकरण तथा टेलीमेडिसिन सेवाएं स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती दे रही हैं।


मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। यह टीका उनके स्वस्थ जीवन का सुरक्षा कवच है। उन्होंने शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों, धार्मिक और सामाजिक संगठनों से भी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, नवीन लाल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2