उत्तराखंड : जनसुनवाई में CM धामी ने सुनीं जनता की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 3 May, 2026 08:38 PMदेहरादून। Pushkar Singh Dhami ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि संबंधी मामलों सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों और मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों को तत्काल संबंधित विभागों को भेजा जाए और समाधान के बाद शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसकी समस्याओं का प्रभावी और शीघ्र समाधान मिले।
उन्होंने जनसुनवाई कार्यक्रम को शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि इससे सरकार को जमीनी स्तर की समस्याओं की वास्तविक जानकारी मिलती है, जिससे प्रभावी निर्णय लेने में मदद मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। Uttarakhand के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सभी सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरल और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचे।
इस अवसर पर फिल्म अभिनेत्री Himani Shivpuri ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की और चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई बेहतर व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन यात्रा को सुचारू बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। वहीं, आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी अपनी समस्याओं पर सकारात्मक आश्वासन मिलने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।


No Previous Comments found.