फर्जी हॉलमार्किंग पर BIS का शिकंजा, हरिद्वार में दो ज्वेलर्स पर छापा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 9 Jul, 2026 07:56 PM
फर्जी हॉलमार्किंग पर BIS का शिकंजा, हरिद्वार में दो ज्वेलर्स पर छापा

हरिद्वार। फर्जी हॉलमार्किंग के खिलाफ भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में दो आभूषण प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान हॉलमार्किंग से जुड़े उपकरणों, अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच की गई। एक कटिंग मशीन भी बरामद हुई है, जिसे तकनीकी परीक्षण और विस्तृत जांच के लिए बीआईएस ने निगरानी में रखा है।

बीआईएस, देहरादून शाखा कार्यालय की टीम ने फर्जी हॉलमार्किंग की सूचना मिलने पर ज्वालापुर स्थित जहांगीर और बादशाह नामक आभूषण प्रतिष्ठानों पर तलाशी एवं जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने मौके पर हॉलमार्किंग से संबंधित उपकरणों और दस्तावेजों का परीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

बीआईएस ने बताया कि पूरे मामले की जांच भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 तथा संबंधित नियमों के तहत जारी है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बीआईएस, देहरादून के संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने कहा कि संस्था हॉलमार्किंग प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी ज्वैलर्स से केवल बीआईएस द्वारा अधिकृत हॉलमार्किंग केंद्रों से ही स्वर्ण आभूषणों की हॉलमार्किंग कराने और सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि 1 जून 2026 से BIS Care App में नई सुविधा जोड़ी गई है। अब उपभोक्ता किसी भी स्वर्ण आभूषण के 6 अंकों वाले HUID का सत्यापन करने पर ऐप में उस आभूषण का फोटो और वजन भी देख सकते हैं। इससे यह सुनिश्चित करना आसान हो गया है कि खरीदा जा रहा आभूषण उसी HUID से संबंधित है, जो उसके लिए जारी किया गया है।

बीआईएस ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि स्वर्ण आभूषण खरीदने से पहले BIS Care App पर 6 अंकों वाले HUID का सत्यापन अवश्य करें और ऐप पर प्रदर्शित फोटो व वजन का वास्तविक आभूषण से मिलान करें। किसी भी प्रकार की असंगति मिलने पर तत्काल बीआईएस को सूचना दें।

बीआईएस ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और हॉलमार्किंग व्यवस्था में पारदर्शिता एवं विश्वास बनाए रखने के लिए ऐसे प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2