उत्तराखंड : टिहरी में आंधी-तूफान से मचा हड़कंप, SDRF ने 30 लोगों को सुरक्षित निकाला
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 2 May, 2026 11:41 PMटिहरी गढ़वाल, 02 मई 2026:
टिहरी गढ़वाल के डोबरा-चाटी क्षेत्र में शनिवार शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान के कारण झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे वहां मौजूद कई लोग फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 25 से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आपदा कंट्रोल रूम से शाम करीब 7:45 बजे SDRF को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद कोटी कॉलोनी स्थित पोस्ट से उप निरीक्षक नरेंद्र राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
तेज तूफान में बह गए हटमेंट
घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि तेज आंधी-तूफान के चलते झील में बने फ्लोटिंग हटमेंट बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बह गए थे, जिससे वहां मौजूद लोग संकट में आ गए थे।
त्वरित रेस्क्यू से टला बड़ा हादसा
SDRF टीम ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर पर्यटन विभाग की बोट के माध्यम से कोटी कॉलोनी पहुंचाया।
समय रहते चलाए गए इस रेस्क्यू अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और झील या संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक जाने से बचने की अपील की है।


No Previous Comments found.