उत्तराखंड : हरिद्वार कुंभ-2027 के लिए 115.61 करोड़ मंजूर, स्वच्छता व्यवस्था होगी हाईटेक
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 12 Jun, 2026 01:10 PMदेहरादून। National Mission for Clean Ganga (एनएमसीजी) की कार्यकारी समिति की 70वीं बैठक में Haridwar Kumbh Mela 2027 के लिए प्रस्तावित “एकीकृत स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट तथा जनस्वास्थ्य प्रबंधन योजना” को मंजूरी देते हुए 115.61 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह परियोजना पूर्णतः केंद्र सरकार के वित्तपोषण से संचालित होगी।
इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ मेले में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। योजना के तहत मेले क्षेत्र में 13,915 शौचालय, 8,065 यूरिनल और 2,000 स्नानगृह स्थापित किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं मिल सकें।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने के लिए 4,840 कूड़ादान, 31.38 लाख लाइनर बैग, 491 अपशिष्ट संग्रहण वाहन, 2 ट्रैश बूम, 15 घाट सफाई मशीनें, 190 स्प्रेइंग मशीन एवं ट्रैक्टर, 55 फॉगिंग मशीनें और 30 घास काटने की मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा कीटनाशक, पीपीई किट, प्राथमिक उपचार किट और सड़क सफाई से जुड़ी आवश्यक सामग्री की भी व्यवस्था की जाएगी।
योजना में आधुनिक अपशिष्ट प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए ट्रांसफर स्टेशन सुविधाएं, गैस आधारित शवदाह गृह और फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने का भी प्रावधान किया गया है। साथ ही संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी और प्रबंधन को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए क्लाउड आधारित डैशबोर्ड विकसित किया जाएगा।
Pushkar Singh Dhami ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा स्वीकृत यह धनराशि हरिद्वार कुंभ-2027 में स्वच्छता, जनस्वास्थ्य प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने इसके लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय का आभार भी व्यक्त किया।
हरिद्वार कुंभ-2027 को देखते हुए यह मंजूरी राज्य सरकार की तैयारियों को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।



No Previous Comments found.