कोर ग्रुप बैठक में 2027 मिशन का रोडमैप, संगठन–सरकार समन्वय पर नड्डा का जोर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Feb, 2026 08:55 PMदेहरादून। भाजपा प्रदेश कोर कमेटी बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कोर ग्रुप की बैठक में सरकार और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय पर बल दिया। उन्होंने प्रदेश में संगठन और सरकार के मध्य बेहतर तालमेल के माध्यम से विकास कार्यों की उपलब्धियों के लिए धामी सरकार की पीठ थपथपाई। साथ ही तीन बिंदुओं पर फोकस करते हुए 2027 के विधानसभा चुनावों में जीत को लेकर रणनीतिक मार्गदर्शन दिया।
मीडिया ब्रीफिंग में बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बताया कि आज नड्डा के समक्ष संगठन के कार्यक्रमों और सरकार के कार्यों की विस्तार से समीक्षात्मक चर्चा की गई। इस दौरान संगठन और सरकार की सराहना करते हुए सभी से 2027 के चुनाव को लेकर पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि किस प्रकार एकजुटता के साथ काम कर आगामी विधानसभा चुनावों में पहले से भी बड़ी जीत हासिल की जा सकती है।
भट्ट ने कहा कि बैठक में मुख्यतः तीन बिंदुओं पर चर्चा हुई—सरकार और संगठन के समन्वय को और मजबूत करना, जन-जन तक उपलब्धियां पहुंचाना तथा संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करना। इसकी शुरुआत 17 फरवरी को मुख्यमंत्री के साथ संगठनात्मक बैठक से होगी, जिसमें प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं जिला सह-प्रभारी सम्मिलित होंगे। विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए मंडल स्तर पर बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं और बीएलए के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का लक्ष्य सभी बूथों को मजबूत करना है, विशेषकर वे बूथ जहां पिछले चुनावों में पराजय मिली थी।
23 मार्च को प्रदेश भाजपा सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर 1.5 से 2.0 लाख की सहभागिता वाली विशाल रैली आयोजित की जाएगी, जिसके लिए प्रधानमंत्री या गृहमंत्री से समय मांगा जाएगा। इसी क्रम में 17 फरवरी से प्रदेश में प्रशिक्षण महा-अभियान की शुरुआत प्रदेश स्तरीय कार्यशाला से की जाएगी, जिसके बाद मंडल और जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाएं संचालित होंगी।
कोर कमेटी बैठक में संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की भी विस्तृत समीक्षा की गई, जिनमें सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के 11 वर्ष—संकल्प से सिद्धि तक, योग दिवस, एक पेड़ मां के नाम, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति दिवस, आपातकाल का काला अध्याय (50वां वर्ष), तिरंगा यात्रा, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, सेवा पखवाड़ा, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान, नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म, प्रदेश संगठनात्मक कार्यशाला, सरदार पटेल @ 150 यूनिटी मार्च, वंदे मातरम @ 150 वर्ष, जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार, अटल स्मृति वर्ष 2025, वीर बाल दिवस, VB-G RAM G तथा बजट प्रचार अभियान शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, नैनीताल सांसद अजय भट्ट, टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कल्पना सैनी, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
जॉलीग्रांट स्थित कार्यक्रम स्थल पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, ऋषिकेश जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No Previous Comments found.