उत्तराखंड में जनगणना 2027 के पहले चरण की शुरुआत, घर-घर पहुंचीं टीमें, हेल्पलाइन 1855 जारी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 25 Apr, 2026 07:33 PM
उत्तराखंड में जनगणना 2027 के पहले चरण की शुरुआत, घर-घर पहुंचीं टीमें, हेल्पलाइन 1855 जारी

देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार से भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन’ का औपचारिक शुभारंभ हो गया। इसके साथ ही राज्यभर में प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर आंकड़े संकलित करने के कार्य में जुट गए हैं।

यह चरण राज्य के विकास, योजनाओं के निर्माण और संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार का कहना है कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं के लिए मजबूत आधार तैयार करेंगे।

घरों और परिवारों का होगा विस्तृत सर्वे

हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के तहत प्रत्येक भवन और मकान का सूचीकरण किया जाएगा। साथ ही वहां निवास कर रहे परिवारों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी। इसके जरिए जनसंख्या, आवासीय स्थिति और सामाजिक-आर्थिक जरूरतों का आकलन किया जाएगा।

अल्मोड़ा से खटीमा तक शुरू हुआ अभियान

राज्य के विभिन्न जिलों में जनगणना कार्य उत्साहपूर्वक शुरू हो गया है।

अल्मोड़ा जनपद के कंखोला (हवालबाग) क्षेत्र में सुपरवाइजर तारा दत्त भट्ट और प्रगणक भगवत सिंह बगड़वाल ने कार्य प्रारंभ किया। वहीं नगर निगम अल्मोड़ा के लक्ष्मेश्वर वार्ड में प्रगणक दीपक सिंह ने भवन स्वामी विद्या कर्नाटक के यहां सर्वे किया।

इसी तरह रुद्रप्रयाग जिले के सुदूरवर्ती गांव गोदड़ी में भी टीमों ने जनगणना कार्य शुरू किया। तहसील खटीमा में भी प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर भवन चिन्हांकन और गणना कार्य किया जा रहा है।

नागरिकों के लिए हेल्पलाइन 1855

जनगणना 2027 के हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन से जुड़ी जानकारी, मार्गदर्शन और सहायता के लिए उत्तराखंड में टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है।

यह हेल्पलाइन सोमवार से शुक्रवार सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक संचालित रहेगी, जहां नागरिक अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

सही जानकारी देने की अपील

प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे प्रगणकों को पूरा सहयोग दें और सही जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2