उत्तराखंड : बागवाला में 1872 पीएम आवास तैयार, जल्द होगा लाभार्थियों को आवंटन

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 30 May, 2026 08:51 AM
उत्तराखंड : बागवाला में 1872 पीएम आवास तैयार, जल्द होगा लाभार्थियों को आवंटन

रुद्रपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड में आवासीय एवं शहरी विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शुक्रवार को उधमसिंहनगर के रुद्रपुर क्षेत्र में विभिन्न निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत करीब 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1872 आवासों का जायजा लिया गया। सचिव ने निर्माण गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए कहा कि आवासों का लोकार्पण जल्द किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों को चाबियां सौंपी जाएंगी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपना अंशदान जमा नहीं किया है, उनसे शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कर आवंटन प्रक्रिया को गति दी जाए।


अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रति आवास 3 लाख रुपये की सहायता सरकार द्वारा दी जाती है, जबकि लाभार्थी को भी 3 लाख रुपये का अंशदान जमा करना होता है। अब तक 185 लाभार्थियों ने पूरी धनराशि जमा कर दी है, जबकि 222 लाभार्थियों को भुगतान के लिए पत्र और दूरभाष के माध्यम से सूचना भेजी गई है।


आवास परिसर में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और पौधारोपण का कार्य भी तेज़ी से जारी है। परिसर में स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की टेस्टिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। सचिव ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।


इसके बाद डॉ. आर. राजेश कुमार ने त्रिशूल चौक के पास लोक निर्माण विभाग की 6.5 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया, जहां प्रस्तावित ‘कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर’ बहुमंजिला परियोजना विकसित की जानी है। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना की प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है, जिसमें आधुनिक आवासीय और व्यावसायिक भवनों के निर्माण का प्रस्ताव है।


रामपुर रोड स्थित प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना का निरीक्षण करते हुए सचिव ने कहा कि 48 एकड़ में विकसित होने वाली यह परियोजना परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। अधिकारियों के मुताबिक करीब 72 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है। इससे क्षेत्रीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।


सचिव ने त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य और कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन विकास प्राधिकरण कार्यालय का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आम नागरिकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बागवाला में निर्मित 1872 आवास लगभग तैयार हैं और प्राथमिकता पात्र लाभार्थियों तक जल्द से जल्द इनका लाभ पहुंचाने की है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, ट्रांसपोर्ट नगर और कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर जैसी परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के समग्र शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2