आपदा प्रभावित गांवों के 110 परिवारों को ₹87 लाख से अधिक की सहायता, मंत्री गणेश जोशी ने वितरित किए चैक
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 20 Mar, 2026 06:05 PMदेहरादून, 20 मार्च। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज सहस्त्रधारा स्थित एक निजी होटल में ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित ग्रामोत्थान (रिप) परियोजना के तहत विकास खण्ड रायपुर के आपदा प्रभावित ग्राम पंचायत सेरागांव, कार्लीगाड़ और धनौला के 110 परिवारों को बड़ी राहत प्रदान की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वयं सहायता समूहों को ₹87 लाख से अधिक की सहायता राशि के चैक वितरित किए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास और महिलाओं के आजीविका संवर्धन और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामोत्थान (रिप) परियोजना के माध्यम से ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। मंत्री गणेश जोशी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “आज की नारी केवल परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि वह आर्थिक और सामाजिक बदलाव की मजबूत आधारशिला बन चुकी है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं न सिर्फ आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अपने गांव और समाज को भी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है, ताकि वे सशक्त बनकर प्रदेश के विकास में भागीदार बन सकें। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार उन्हें हर स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है। मंत्री जोशी ने कहा कि अभी तक प्रदेश में 2.55 लाख से अधिक लखपति दीदी बन चुकी है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, ग्राम प्रधान राकेश जवाडी, संजय राणा, सचिन राणा, घनश्याम नेगी, रतन सिंह, खंड विकास अधिकारी अर्पणा बहुगुणा सहित कई लोग उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.