उत्तराखंड : हरेला पर 11 लाख पौधे लगाएगा उद्यान विभाग, एक लाख चाय के पौधों का भी होगा रोपण
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Jul, 2026 10:53 PMदेहरादून। उत्तराखंड में 16 जुलाई को मनाए जाने वाले हरेला पर्व पर इस वर्ष बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उद्यान विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रदेशभर में 11 लाख फलदार, सगंध एवं औषधीय पौधों के साथ एक लाख चाय के पौधों का भी रोपण सुनिश्चित किया जाए।
बुधवार को कैंप कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री ने हरेला पर्व की तैयारियों का जायजा लेते हुए कहा कि यह पर्व केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का जनआंदोलन है। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे पौधों का चयन करने को कहा, जो जल स्रोतों के पुनर्जीवन, भू-जल संरक्षण, मिट्टी के कटाव को रोकने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सहायक हों।
मंत्री ने उद्यान विभाग को वर्षाकाल के दौरान आम, अमरूद, लीची, अनार, नींबू, माल्टा, कटहल सहित विभिन्न उन्नत फल प्रजातियों के पौधों का व्यापक स्तर पर रोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधों के वितरण और रोपण की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि अभियान सफलतापूर्वक संचालित हो सके।
गणेश जोशी ने बताया कि पिछले वर्ष हरेला पर्व के अवसर पर उद्यान विभाग ने 9 लाख से अधिक फलदार पौधों का रोपण किया था। इस बार लक्ष्य बढ़ाकर 11 लाख फलदार, सगंध एवं औषधीय पौधे तथा अतिरिक्त एक लाख चाय के पौधे लगाने का रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित न रहे, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख, संरक्षण और अधिकतम जीवित रहने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि वृक्षारोपण का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सके।
बैठक में सचिव कृषि एस.एन. पांडेय, निदेशक उद्यान आर.के. सिंह, निदेशक कृषि दिनेश कुमार, निदेशक बागवानी मिशन महेंद्र पाल, निदेशक कैप नृपेंद्र चौहान, मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. डी.के. तिवारी सहित उद्यान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.