एसडीजी में नंबर-1 उत्तराखंड, धामी बोले– विकास और पर्यावरण साथ-साथ बढ़ेंगे

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 27 May, 2026 04:21 PM
एसडीजी में नंबर-1 उत्तराखंड, धामी बोले– विकास और पर्यावरण साथ-साथ बढ़ेंगे

अल्मोड़ा, 27 मई: अल्मोड़ा स्थित उदय शंकर नृत्य एवं संगीत अकादमी में बुधवार को आयोजित राज्य स्तरीय एसडीजी (सतत विकास लक्ष्य) एचीवर्स अवार्ड समारोह में मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने प्रतिभाग करते हुए 32 संस्थाओं, व्यक्तियों और समूहों को उनके नवाचारी एवं समाजहित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि विकास और पर्यावरण के संतुलन के साथ राज्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।


समारोह में जिला स्तरीय एसडीजी वार्षिक रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों को भी सम्मानित किया गया। रैंकिंग में प्रथम स्थान रुद्रप्रयाग, द्वितीय स्थान उत्तरकाशी और नैनीताल, जबकि तृतीय स्थान बागेश्वर, चमोली और टिहरी को प्राप्त हुआ।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम उन व्यक्तित्वों और संस्थाओं के सम्मान का अवसर है, जिन्होंने नवाचार, उत्कृष्ट कार्य और समाजहित में अनुकरणीय योगदान देकर सकारात्मक परिवर्तन की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उत्तराखंड के संस्थानों ने असाधारण उपलब्धियां हासिल कर यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय राज्य होने के कारण उत्तराखंड को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन जब इकोलॉजी और इकोनॉमी साथ चलती हैं तभी संतुलित एवं स्थायी विकास संभव होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में वर्ष 2030 तक सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।


उन्होंने कहा कि कभी नीति आयोग के एसडीजी इंडिया इंडेक्स में उत्तराखंड 10वें स्थान पर था, लेकिन अब राज्य देश में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। हालांकि, कई क्षेत्रों में अभी और सुधार की आवश्यकता है, जिन पर सरकार तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, गरीब कल्याण, सीमांत क्षेत्रों के विकास और बिजली, पानी व सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर सरकार का विशेष फोकस है।


मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य की जीडीपी में 7.23 प्रतिशत वृद्धि और प्रति व्यक्ति आय में 4.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। साथ ही बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी के साथ उत्तराखंड ने राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि उद्योग, स्टार्टअप, हेलीकॉप्टर सेवा, हाईवे निर्माण, ग्रीन एनर्जी और बिजली उत्पादन जैसे क्षेत्रों में हुए सकारात्मक बदलावों के चलते राज्य में रिवर्स पलायन को भी बढ़ावा मिला है।


कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री Ajay Tamta ने कहा कि एसडीजी रैंकिंग में राज्य की उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्पों का परिणाम है, जिसे प्रदेश के कर्मयोगियों ने सफल बनाया है।


इस अवसर पर प्रमुख सचिव नियोजन एवं सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस (CPPGG) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने एसडीजी की अवधारणा और उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी Anshul Singh ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए जनपद के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता दोहराई।


कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विजेताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2