मुख्यमंत्री धामी ने नैनीताल को दी ₹96.71 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

13 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, भीमताल के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 5 Jun, 2026 09:05 PM
मुख्यमंत्री धामी ने नैनीताल को दी ₹96.71 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

भीमताल/नैनीताल, 5 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद नैनीताल को 96 करोड़ 71 लाख रुपये की 13 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 67 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई छह योजनाओं का लोकार्पण तथा 29.71 करोड़ रुपये की सात नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने भीमताल में सैनिकों एवं व्यापारियों के लिए बहुउद्देशीय भवन के निर्माण, भीमेश्वर मंदिर और ओखलकांडा स्थित पशुपतिनाथ मंदिर को मंदिर माला मिशन से जोड़ने, रामगढ़ ब्लॉक के ओढ़ाखान-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग एवं जीप मार्ग के मिलान, रामगढ़ उप तहसील के शीघ्र संचालन तथा क्षेत्र में प्राधिकरण संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने की घोषणा की।

पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान

विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भीमताल की झीलें, हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य केवल पर्यटन का आधार नहीं हैं, बल्कि हमें पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी का भी एहसास कराते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह आत्मचिंतन का विषय है कि हम आने वाली पीढ़ियों को कैसा पर्यावरण सौंपकर जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी प्राकृतिक धरोहर, हिमालय, गंगा-यमुना जैसी जीवनदायिनी नदियों और समृद्ध जैव विविधता से है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति ने सदियों पहले प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व का संदेश दिया था और आज पूरी दुनिया उसी दिशा में आगे बढ़ रही है।

जलवायु परिवर्तन सबसे बड़ी चुनौती

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन अब केवल वैज्ञानिकों की चर्चा का विषय नहीं, बल्कि आम जीवन की वास्तविकता बन चुका है। अनियमित वर्षा, बढ़ता तापमान, सूखते जल स्रोत, पिघलते ग्लेशियर और बढ़ती प्राकृतिक आपदाएं इसके स्पष्ट संकेत हैं। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन से जल स्रोत, कृषि, जैव विविधता और राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार पर्यटन भी प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत “प्रकृति भी और प्रगति भी” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। मिशन लाइफ और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष के रूप में विकसित करने का आह्वान किया।

चिपको आंदोलन की विरासत को आगे बढ़ाने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब दुनिया पर्यावरण संरक्षण की बात कर रही थी, तब उत्तराखंड की मातृशक्ति ने चिपको आंदोलन के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया था। गौरा देवी और क्षेत्र की महिलाओं के संघर्ष ने पूरी दुनिया को दिखाया कि जनशक्ति से बड़ा कोई संरक्षण तंत्र नहीं हो सकता। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को पुनः जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन, नदी संरक्षण, वनीकरण, वन्यजीव संरक्षण और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने सकल पर्यावरण उत्पाद (GEP) की अवधारणा को लागू किया है। यह राज्य की उस सोच का प्रतीक है जिसमें आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों को समान महत्व दिया जाता है।

उन्होंने वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए भी लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जंगलों में आग की छोटी से छोटी घटना की सूचना तत्काल प्रशासन को दी जानी चाहिए।

अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना है। नैनीताल जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क संपर्क सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने रामलीला मैदान स्थित श्री हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला, नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा, कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, सीडीओ अरविंद कुमार पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2