राम सिंह कैड़ा बोले- जिम्मेदारी जनता के विश्वास की, विकास और पर्यावरण संतुलन रहेगी प्राथमिकता

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 4 Apr, 2026 08:45 PM
राम सिंह कैड़ा बोले- जिम्मेदारी जनता के विश्वास की, विकास और पर्यावरण संतुलन रहेगी प्राथमिकता

देहरादून। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी केवल एक पद नहीं, बल्कि जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्राथमिकता होगी।


कैबिनेट मंत्री को राज्य सरकार में शहरी विकास, जलागम प्रबंधन और जलवायु परिवर्तन जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन विभागों को उत्तराखंड के सतत विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


उत्तराखंड सरकार में नव नियुक्त कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अपने नए दायित्वों की औपचारिक शुरुआत करते हुए शनिवार को उत्तराखंड विधानसभा परिसर में स्थित अपने शासकीय कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया और कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच आधुनिक, सुव्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल आधारभूत ढांचे का विकास प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने जल संरक्षण और जलागम प्रबंधन के जरिए ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में जल संकट कम करने की दिशा में ठोस कदम उठाने की बात कही।


उन्होंने यह भी कहा कि जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ दीर्घकालिक योजनाएं तैयार की जाएंगी, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित हो सके।


भीमताल विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक चुने जा चुके राम सिंह कैड़ा के मंत्रिमंडल में शामिल होने को उनके राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर मौजूद अतिथियों ने उनके कार्यकाल की सफलता की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में राज्य विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूरी, उत्तराखंड सफाई आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, पूर्व विधायक पूरण फर्त्याल समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने नए दायित्व के लिए कैड़ा को शुभकामनाएं दीं।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2