हर ब्लॉक में विकसित होंगे 5 मॉडल गांव, पंचायतों में ड्रेनेज व कूड़ा प्रबंधन होगा मजबूत : मदन कौशिक
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Apr, 2026 07:39 PMदेहरादून। पंचायतीराज मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि ग्राम पंचायतें विकास की सबसे छोटी और अहम इकाई हैं, इसलिए उनका सुदृढ़ और समृद्ध होना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लॉक में लगभग पांच गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जाए, ताकि उनके आधार पर अन्य ग्राम पंचायतों के विकास को भी गति मिल सके।
विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए मंत्री ने प्रदेश की 7817 ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गांवों का निरीक्षण कर प्राथमिकता वाले कार्यों को चिन्हित करते हुए उन्हें समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
मदन कौशिक ने कहा कि ग्राम पंचायतों में ड्रेनेज व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण प्रबंधन को बेहतर बनाया जाए, जिससे स्वच्छता और जीवन स्तर में सुधार हो सके। साथ ही जिन पंचायतों में पंचायत भवनों का अभाव है, वहां प्राथमिकता के आधार पर भवनों का निर्माण कराया जाए। उन्होंने बताया कि पंचायत भवन निर्माण के लिए भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।
मंत्री ने अधिकारियों को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि पंचायतों की मूलभूत आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने पंचायत भवनों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि विकास कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे।
बैठक में विशेष सचिव पंचायतीराज पराग मधुकर धकाते, निदेशक निधि यादव, अपर सचिव श्याम सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.