उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा बनी मिसाल, 2.19 करोड़ से अधिक शिवभक्त सकुशल लौटे

मुख्यमंत्री धामी बोले— आस्था, अनुशासन और सेवा का महापर्व है कांवड़ यात्रा, सभी से सहयोग की अपील

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 6 Aug, 2026 08:29 PM
उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा बनी मिसाल, 2.19 करोड़ से अधिक शिवभक्त सकुशल लौटे

देहरादून। उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा 2026 श्रद्धा, सुरक्षा और सुगमता के उत्कृष्ट समन्वय के साथ सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा की गई व्यापक व्यवस्थाओं के चलते अब तक 2 करोड़ 19 लाख 70 हजार से अधिक शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने गंतव्य की ओर लौट चुके हैं।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार 6 अगस्त 2026 को शाम 6 बजे तक केवल एक दिन में ही 39 लाख 15 हजार कांवड़ यात्री गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं, जिसके चलते यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ रही है।

राज्य सरकार का कहना है कि प्रदेशभर में कांवड़ यात्रियों के लिए निर्बाध यातायात, त्वरित चिकित्सा सहायता, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। इन व्यवस्थाओं के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं तथा सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना भी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सेवा का महापर्व है। उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों, शिवभक्तों, स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग, समन्वय और अनुशासन से कांवड़ यात्रा 2026 का सफल संचालन सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक बार फिर उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, सुरक्षित यात्रा प्रबंधन और अतिथि सत्कार की अपनी समृद्ध परंपरा को देश के सामने मजबूती से प्रस्तुत कर रहा है।

— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2