प्लास्टिक मुक्त होगी चारधाम यात्रा 2026, ड्रोन से होगी निगरानी: CM धामी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 18 Apr, 2026 09:30 PMदेहरादून। उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा 2026 को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में शहरी विकास, पर्यटन और वन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर यात्रा को स्वच्छ, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि यात्रा मार्ग पर कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन को अनिवार्य बनाया जाए।
ड्रोन से होगी कूड़ा और प्लास्टिक वेस्ट की निगरानी
चारधाम यात्रा मार्ग में आने वाली ग्राम पंचायतों और स्थानीय संस्थाओं द्वारा ड्रोन के माध्यम से कूड़ा और प्लास्टिक वेस्ट की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके लिए अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया जाएगा, जिससे यात्रा मार्ग की साफ-सफाई और अपशिष्ट प्रबंधन पर रियल टाइम नजर रखी जा सके।
पूरे प्रदेश में लागू होगी ‘मनी बैक’ योजना
मुख्यमंत्री धामी ने निर्देश दिए कि प्लास्टिक बोतलों को हतोत्साहित करने के लिए पूरे प्रदेश में मनी बैक प्लास्टिक योजना लागू की जाए। साथ ही हर दुकान पर प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट अनिवार्य किया जाएगा। प्लास्टिक बोतलों के प्रबंधन के लिए डिजिटल डिपॉजिट रिफंड सिस्टम भी लागू होगा, जिसे जिलाधिकारी और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड क्रियान्वित करेंगे।
वाटर एटीएम और RO प्लांट लगेंगे
यात्रियों की सुविधा के लिए चारधाम यात्रा मार्ग पर जगह-जगह वाटर एटीएम और RO प्लांट लगाए जाएंगे, ताकि प्लास्टिक बोतलों के उपयोग को कम किया जा सके। सरकार का लक्ष्य सिंगल यूज प्लास्टिक को पूरी तरह खत्म करना है।
30 नगर निकाय मजबूत, सफाई के विशेष इंतजाम
यात्रा मार्ग पर स्थित 30 नगर निकायों को मजबूत किया गया है। सफाई व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्रों और अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती होगी। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत 37 एमआरएफ सेंटर, 299 कम्पोस्ट पिट, 38 प्लास्टिक कम्पैक्टर मशीनें और 266 कचरा परिवहन वाहन लगाए गए हैं।
यात्रियों के लिए पार्किंग, ठहराव और रोशनी की व्यवस्था
श्रद्धालुओं के लिए होटल, लॉज, धर्मशालाओं और आश्रमों में 28,395 कमरे और 67,278 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। वाहनों के लिए हजारों पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए हैं। रात्रि सुरक्षा को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर 19,604 स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं।
केदारनाथ में 24 घंटे मिलेगा मुफ्त गर्म पानी
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि पहली बार केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को 24 घंटे मुफ्त गर्म पानी उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था पिरूल (चीड़ की पत्तियां) और घोड़े-खच्चरों की लीद से बने बायोमास पैलेट्स से चलने वाले गीजरों से होगी। ये गीजर GMVN केदारनाथ और लिंचोली में लगाए जाएंगे।
घोड़े-खच्चरों की लीद से बनेगी ऊर्जा
यात्रा मार्ग पर घोड़े-खच्चरों की लीद का वैल्यू एडिशन कर पिरूल के साथ पैलेट तैयार किए जाएंगे, जिनसे ऊर्जा उत्पादन होगा। ढाबों को भी ट्रायल के तौर पर फायर पैलेट से चलने वाले चूल्हे दिए जाएंगे।
जनभागीदारी से चलेगा अभियान
चारधाम यात्रा मार्ग पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, जिनमें स्वयंसेवी संस्थाएं, एनसीसी कैडेट्स, महिला मंगल दल और ग्राम पंचायतों को जोड़ा जाएगा। सरकार का लक्ष्य चारधाम यात्रा को पूरी तरह स्वच्छ, प्लास्टिक मुक्त और पारदर्शी बनाना है।


No Previous Comments found.