मुख्यमंत्री धामी को हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 के पहले जत्थे के विदाई समारोह का निमंत्रण
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 26 Apr, 2026 03:48 PMदेहरादून, रविवार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने आगामी श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 की तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
बैठक के दौरान नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को 20 मई 2026 को आयोजित होने वाले श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 के पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। शासन-प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं तथा यात्रा प्रबंधन की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि हेमकुंट साहिब यात्रा को सफल, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
वहीं, गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि 20 मई 2026 को यात्रा के पहले जत्थे का पारंपरिक विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। इस जत्थे का नेतृत्व परंपरागत रूप से पंज प्यारों द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 के कपाट 23 मई 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु इस पावन यात्रा में शामिल होकर गुरु गोबिंद सिंह जी की तपोभूमि के दर्शन करेंगे।


No Previous Comments found.