फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स-2026 में सम्मानित हुए प्रगतिशील किसान, मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया सम्मान समारोह में प्रतिभाग

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 6 Aug, 2026 09:56 PM
फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स-2026 में सम्मानित हुए प्रगतिशील किसान, मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया सम्मान समारोह में प्रतिभाग

देहरादून। कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, उद्यमियों और संस्थाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स-2026 (उत्तराखंड) का भव्य आयोजन गुरुवार को देहरादून स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर सम्मानित होने वाले किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को बधाई दी।

दिल्ली प्रेस की कृषि पत्रिका फार्म एन फूड द्वारा आयोजित इस समारोह में कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक, कृषि यंत्रीकरण, जलवायु अनुकूल खेती, बागवानी तथा किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि वैज्ञानिकों, कृषि उद्यमियों और विभिन्न संस्थाओं को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और ग्रामीण विकास को एक-दूसरे का पूरक मानते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में सेब उत्पादन लगातार बढ़ रहा है और इससे किसानों की आय में भी वृद्धि हो रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, मूल्य संवर्धन पर ध्यान देने तथा कृषि आधारित उद्यमों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से 200 से अधिक किसानों ने भाग लिया। इस दौरान लगभग 25 प्रगतिशील किसानों, कृषि विशेषज्ञों और कृषि क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं को राज्य स्तरीय कृषि सम्मान प्रदान किया गया।

आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं और कृषि उद्योग के बीच समन्वय को मजबूत करने तथा कृषि क्षेत्र की प्रेरक कहानियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से ऐसे आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा।

— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2