‘सेवा पखवाड़ा’ में उमड़ा जनसैलाब, 20 हजार लोगों की मौजूदगी में 3,500 से अधिक लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

ऋषिकेश के आईडीपीएल ग्राउंड में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर पेंशन, दिव्यांग सहायता और स्वरोजगार योजनाओं का मिला लाभ

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 4 Jul, 2026 05:46 PM
‘सेवा पखवाड़ा’ में उमड़ा जनसैलाब, 20 हजार लोगों की मौजूदगी में 3,500 से अधिक लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

ऋषिकेश। उत्तराखंड सरकार के ‘सेवा, सुशासन और समर्पण’ अभियान के तहत शनिवार को ऋषिकेश के आईडीपीएल ग्राउंड में आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम जनकल्याण का बड़ा मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 20 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता रही। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर राज्यपाल और मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री के सफल पांच वर्षीय कार्यकाल पर उन्हें बधाई दी।

देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जनपदों के विभिन्न विभागों की ओर से आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में आमजन को एक ही स्थान पर अनेक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। ‘इंटीग्रेटेड एफर्ट’ (एकीकृत प्रयास) के तहत लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में एक हजार से अधिक मरीजों का उपचार

कार्यक्रम के तहत लगाए गए विशाल स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 1,009 मरीजों की जांच एवं उपचार किया। इनमें 212 हड्डी रोग, 70 स्त्री रोग तथा 81 नेत्र, नाक एवं कान संबंधी मरीज शामिल रहे। शिविर में 13 बच्चों का टीकाकरण किया गया, 15 आयुष्मान कार्ड और 20 आभा कार्ड बनाए गए। इसके अलावा 95 एक्स-रे और 70 रक्त जांचें की गईं। आयुष विभाग ने 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया, जबकि 23 दिव्यांग प्रमाण पत्रों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण भी किए गए।

पेंशन, दिव्यांग सहायता और आजीविका योजनाओं का लाभ

समाज कल्याण विभाग ने विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन की 75 स्वीकृतियां मौके पर जारी कीं तथा 10 यूडीआईडी कार्ड वितरित किए। वहीं 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन और लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने 1,200 से अधिक लाभार्थियों को अपनी योजनाओं से लाभान्वित किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित किया। सहकारिता विभाग के अंतर्गत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक समूह को 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

जापान में रोजगार पाने वाले युवाओं का भी हुआ सम्मान

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी के तीन युवाओं का जापान में रोजगार के लिए चयन होने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित किया। चयनित युवाओं को लगभग एक लाख रुपये प्रतिमाह के पैकेज पर रोजगार मिला है, जिसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया गया।

इसके अलावा मत्स्य विभाग के एक, उद्यान विभाग के एक, उद्योग विभाग के तीन तथा डेयरी विभाग के एक लाभार्थी को भी अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2