धामी सख्त: लंबित घोषणाओं पर 20 दिन में जारी हों शासनादेश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 13 Apr, 2026 05:08 PMदेहरादून, 13 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़ी लंबित फाइलों पर अधिकतम 20 दिनों के भीतर शासनादेश जारी किए जाएं, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों को राज्य सरकार के मूल मंत्र “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि” के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट, गंगोलीहाट, कपकोट और बागेश्वर से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में यदि कोई बाधा आती है तो संबंधित क्षेत्र के विधायकों के साथ समन्वय स्थापित कर उसका प्रभावी समाधान निकाला जाए, ताकि विकास कार्यों की गति बनी रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को वन भूमि स्थानांतरण से जुड़े मामलों की जनपद स्तर पर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन भूमि से संबंधित प्रक्रियाओं में तेजी लाकर विकास कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर किया जाए। साथ ही विभागीय समन्वय को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत निर्मित सड़कों के रखरखाव के लिए संबंधित विभागों की एक समन्वय समिति गठित की जाए। यह समिति ग्रामीण सड़कों के मेंटिनेंस कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करेगी, जिससे आवागमन सुगम और सुरक्षित बना रहे।
बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी सड़कों के पैचवर्क कार्य वर्षाकाल से पहले अनिवार्य रूप से पूरे किए जाएं। उन्होंने खेल अवसंरचना के विकास पर भी विशेष ध्यान देने को कहा और जिन स्थानों पर खेल मैदानों के लिए भूमि उपलब्ध हो चुकी है, वहां 15 दिनों के भीतर धनराशि जारी करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कनालीछीना से पिपली बगड़ीगांव तक मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने को कहा। साथ ही कपकोट के राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय के साथ पूर्व माध्यमिक विद्यालय संचालित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने तथा बागेश्वर जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक कपकोट सुरेश गड़िया, विधायक बागेश्वर पार्वती दास, वर्चुअल माध्यम से विधायक गंगोलीहाट फकीर राम, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, एस.एन. पाण्डेय, संबंधित विभागों के अधिकारी, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत तथा पिथौरागढ़ और बागेश्वर के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.