उत्तराखंड : मसूरी क्षेत्र में 2 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण, गणेश जोशी ने दी सौगात
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 3 May, 2026 10:43 PMदेहरादून। Ganesh Joshi ने रविवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के गंगोल पंडितवाड़ी स्थित शिव मंदिर प्रांगण में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इस दौरान करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की परियोजनाओं की सौगात क्षेत्रवासियों को दी गई।
कैबिनेट मंत्री ने गंगोल पंडितवाड़ी, गल्जवाड़ी, गजियावाला और बिष्टगांव ग्राम पंचायतों के लिए 152.99 लाख रुपये की लागत से विकास कार्यों का शिलान्यास और 54.32 लाख रुपये की योजनाओं का लोकार्पण किया। ये सभी कार्य विधायक निधि, मंडी परिषद और एमडीडीए के माध्यम से स्वीकृत किए गए हैं।
इस मौके पर मंत्री जोशी ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने “जनता की सरकार, जनता के द्वार” के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की पहली जिम्मेदारी जनता के प्रति होती है।
उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से देहरादून-मसूरी मार्ग पर शिव मंदिर के निकट नए पुल का शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही घट्टीखोला पुल और किमाड़ी मार्ग निर्माण को लेकर भी कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
मंत्री जोशी ने कहा कि Uttarakhand के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान को लेकर विपक्ष केवल दिखावा कर रहा है और नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वालों को आने वाले समय में महिलाएं जवाब देंगी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत कई निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। गंगोल पंडितवाड़ी में एमडीडीए द्वारा 114.75 लाख रुपये की लागत से सड़कों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। वहीं गल्जवाड़ी में 9.22 लाख रुपये की लागत से सुरक्षा दीवार और गार्ड रूम का लोकार्पण हुआ।
इसके अलावा मंडी परिषद के अंतर्गत हरिजन बस्ती में भरानी नदी किनारे 16.28 लाख रुपये की लागत से सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य लोकार्पित किया गया। गजियावाला में 28.46 लाख रुपये की लागत से टिन शेड की सुरक्षा हेतु चारदीवारी निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
विधायक निधि से भी कई छोटे-बड़े कार्यों को मंजूरी दी गई, जिनमें सीसी मार्ग निर्माण, सुरक्षा दीवार, नाले पर बाढ़ नियंत्रण तटबंध, सामुदायिक केंद्र के पास हॉल निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह रावत, विभिन्न ग्राम प्रधानों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.