उत्तराखंड पॉलिटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश शुरू, 15 मई तक करें आवेदन
71 सरकारी और 85 निजी संस्थानों में दाखिले का मौका, बीटेक में लेटरल एंट्री से सीधे दूसरे वर्ष में प्रवेश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 17 Apr, 2026 05:50 PMदेहरादून। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के अधिक से अधिक युवा तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर सकें, इसके लिए पॉलिटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सरकार का प्रयास है कि हर युवा तकनीकी रूप से सक्षम बने और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में अपनी भूमिका निभाए।
प्राविधिक शिक्षा विभाग के तहत उत्तराखंड के राजकीय और निजी पॉलिटेक्निक कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 15 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.ubterjeep.co.in पर किए जा सकेंगे।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा के जरिए होगा दाखिला
संयुक्त निदेशक प्राविधिक शिक्षा मुकेश पांडे ने बताया कि “पॉलिटेक्निक चलो अभियान-2026” के तहत युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर प्रवेश प्रक्रिया चलाई जा रही है। ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थी संयुक्त प्रवेश परीक्षा (पॉलिटेक्निक) में शामिल होंगे।
40 रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश
इस वर्ष केमिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन एंड रोबोटिक्स, कम्युनिकेशन एंड कंप्यूटर नेटवर्किंग और फार्मेसी सहित 40 डिप्लोमा स्तरीय रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर मिलेगा।
बीटेक में सीधे दूसरे वर्ष में प्रवेश
विभाग ने पॉलिटेक्निक डिप्लोमा उत्तीर्ण छात्रों को बीटेक पाठ्यक्रमों में लेटरल एंट्री के माध्यम से सीधे दूसरे वर्ष में प्रवेश की सुविधा दी है। इसके अलावा 12वीं या आईटीआई उत्तीर्ण छात्र भी सीधे दूसरे वर्ष में दाखिला ले सकेंगे।
प्रदेश में कुल 157 संस्थान
प्रदेश में 71 राजकीय, 1 अनुदानित और 85 निजी पॉलिटेक्निक संस्थान संचालित हैं। छात्राओं के लिए प्रत्येक वर्ग में 30 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है। अधिकांश सरकारी और अनुदानित संस्थानों में महिला छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध है।
रोजगार मेलों का भी आयोजन
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पॉलिटेक्निक से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के लिए हर वर्ष रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है, ताकि उन्हें प्रतिष्ठित उद्योगों में आकर्षक वेतन के साथ रोजगार मिल सके।
विभाग ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।


No Previous Comments found.