उत्तराखंड : प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी ने भेजा बधाई पत्र
कहा- प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में रचे नए कीर्तिमान
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 10 Jun, 2026 05:39 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा भारत के इतिहास में सर्वाधिक अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने पर देवभूमि उत्तराखण्ड की जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को भेजे अपने पत्र में कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने अनेक ऐतिहासिक निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रयास सफलतापूर्वक किया गया है।
धामी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) व्यवस्था तथा रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने जैसे निर्णयों ने देश को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान भारत द्वारा चलाए गए विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान और ‘वैक्सीन मैत्री’ पहल को वैश्विक नेतृत्व का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र की सुरक्षा, सैनिकों के सम्मान, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और सनातन सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के लिए किए गए प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण परियोजनाओं को भारत की सांस्कृतिक विरासत और गौरव के पुनर्स्थापन का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के प्रति प्रधानमंत्री के विशेष स्नेह और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाओं, चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, विभिन्न रोपवे परियोजनाओं, वंदे भारत एक्सप्रेस तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास कार्यों को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि लखवाड़, सौंग व्यासी और जमरानी बहुद्देशीय बांध परियोजनाओं को भी प्रधानमंत्री के सहयोग से गति मिली है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से राज्य की पेयजल एवं सिंचाई संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित होगी तथा लाखों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को अवश्य साकार करेगा और विश्व मंच पर अग्रणी राष्ट्र के रूप में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।



No Previous Comments found.