चारधाम यात्रा के लिए एलपीजी आपूर्ति 100 प्रतिशत बनाए रखा जाए: मुख्यमंत्री धामी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Apr, 2026 07:41 PMनई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा के निर्बाध, सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूर्ववत 100 प्रतिशत बनाए रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से राज्य में एलपीजी की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।
मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भेंट कर उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों, आपदाजन्य संवेदनशीलता और चारधाम यात्रा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अप्रैल से नवंबर तक संचालित होने वाली चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस अवधि में उत्तराखंड को लगभग 9,67,949 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता होती है। ऐसे में आपूर्ति व्यवस्था मजबूत बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जून से सितंबर के बीच मानसून सीजन में राज्य को हर वर्ष प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान एलपीजी गैस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रहती है।
मुख्यमंत्री धामी ने व्यावसायिक सिलेंडरों का अतिरिक्त 5 प्रतिशत यानी लगभग 48,397 सिलेंडरों का आवंटन सुनिश्चित किए जाने का भी अनुरोध किया, ताकि आपदा की स्थिति में राहत कार्यों को तेजी से संचालित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन आधारित है, जिसमें धार्मिक पर्यटन, तीर्थाटन और साहसिक पर्यटन का महत्वपूर्ण योगदान है। चारधाम यात्रा राज्य की आस्था, सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख आधार है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री द्वारा रखे गए प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा राज्य हितों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।


No Previous Comments found.