धामी सरकार ने विकास योजनाओं को दी रफ्तार, ₹93 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति; पर्यटन, सड़क, हेलीपैड और पुलिस आवासों पर जोर

अल्मोड़ा में पर्यटन परियोजना, उत्तरकाशी-टिहरी में हेलीपैड, हरिद्वार में पुलिस आवास और पीएम सूर्यघर योजना के लिए भी बड़ी मंजूरी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 27 Jul, 2026 10:02 PM
धामी सरकार ने विकास योजनाओं को दी रफ्तार, ₹93 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति; पर्यटन, सड़क, हेलीपैड और पुलिस आवासों पर जोर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों को गति देने के लिए कुल ₹93 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से पर्यटन अवसंरचना, सड़क संपर्क, हेलीपैड निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, पुलिस आवास, विद्यालयों के पुनर्निर्माण, भूतापीय ऊर्जा सर्वेक्षण और सौर ऊर्जा योजनाओं को मजबूती मिलेगी।

सबसे बड़ी स्वीकृति अल्मोड़ा जिले के गोल्ज्यू मंदिर के समीप पर्यटन अवस्थापनाओं के विकास के लिए दी गई है। इस परियोजना के लिए ₹56.29 करोड़ मंजूर किए गए हैं। यह विकास कार्य पीडब्ल्यूडी एवं पशुपालन विभाग की भूमि पर किया जाएगा।

सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के उद्देश्य से टिहरी गढ़वाल के टिहरी विधानसभा क्षेत्र में ज्ञानसू-ग्वाड़-पस्सी-बुडोगी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए ₹3.32 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के भानियावाला विस्थापित क्षेत्र में विभिन्न मुख्य एवं आंतरिक मार्गों के सुधारीकरण, चौड़ीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स से पक्कीकरण के लिए ₹1.23 करोड़ की मंजूरी दी गई है।

पुलिस विभाग के आवासीय ढांचे को मजबूत करने के लिए हरिद्वार जिले में भी महत्वपूर्ण स्वीकृतियां दी गई हैं। पुराना थाना श्यामपुर में टाइप-द्वितीय के 12 आवासों के निर्माण के लिए ₹5.76 करोड़ (प्रथम किश्त ₹2.31 करोड़), कोतवाली ज्वालापुर परिसर में 12 आवासों के निर्माण के लिए ₹5.70 करोड़ (प्रथम किश्त ₹2.28 करोड़) तथा थाना बहादराबाद परिसर में छह आवासों के निर्माण के लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹1.26 करोड़ जारी किए गए हैं।

आपदा प्रबंधन और हवाई संपर्क को सुदृढ़ करने के लिए उत्तरकाशी और टिहरी में कई हेलीपैड परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली है। उत्तरकाशी में एडीआरएफ पोस्ट जानकीचट्टी के निर्माण हेतु प्रथम किश्त के रूप में ₹1.18 करोड़, मोरी विकासखंड के ग्राम फिताड़ी में हेलीपैड निर्माण के लिए ₹1.39 करोड़, जोशियाड़ा क्षेत्र में पहले से निर्मित हेलीपैड के सौंदर्यीकरण के लिए ₹46.45 लाख तथा टिहरी के ग्राम भांगला पट्टी दोगी में नए हेलीपैड के निर्माण के लिए ₹75.68 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

शिक्षा एवं ऊर्जा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। रा.इ.का. पावकी देवी, नैचोली, खनाना और चमराड़ा देवी विद्यालयों के पुनर्निर्माण के लिए ₹4.01 करोड़ की परियोजना के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में ₹1.98 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा चमोली जिले के तपोवन क्षेत्र में भूतापीय ऊर्जा स्रोतों के प्रारंभिक सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार करने के लिए यूजेवीएनएल को ₹3 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹1.20 करोड़ जारी किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को राज्यांश के रूप में ₹20 करोड़ की अनुदान राशि जारी करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इससे राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ आम उपभोक्ताओं को भी लाभ मिलेगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के थराली विधानसभा क्षेत्र में विकासखंड देवाल के अंतर्गत स्थित ल्वाणी–सुया मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद स्वर्गीय खीमजी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया है।

राज्य सरकार का कहना है कि इन स्वीकृतियों से प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, पर्यटन और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2