विजन के साथ विकास हमारी प्राथमिकता: धामी
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की 2026-2031 मास्टर प्लान पुस्तिका का विमोचन किया
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 17 Apr, 2026 05:54 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य को तय लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ाना और विजन के साथ विकास करना सरकार की प्राथमिकता है। बुनियादी ढांचे के विकास में नवाचार और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार की जा रही हैं।
शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार आगामी पांच वर्षों (2026-2031) के कार्यों से संबंधित मास्टर प्लान पुस्तिका का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तिका राज्य में मजबूत, सुरक्षित और आधुनिक आधारभूत ढांचा विकसित करने का रोडमैप है। विकसित भारत 2047 के संकल्पों को पूरा करने और उत्तराखंड में विकास की संभावनाओं को गति देने में यह मास्टर प्लान अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के कार्यों ने तेजी पकड़ी है। पिछले वर्षों में राज्य में व्यापक स्तर पर सड़क निर्माण हुआ है और अब नई तकनीक व नवाचार के जरिए इसे और आगे बढ़ाया जा रहा है।
पर्यटन हब के रूप में उभर रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से पर्यटन हब के रूप में उभर रहा है। ऐसे में पर्यटकों की जरूरतों को देखते हुए सड़क, पुल और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के माध्यम से इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा दी जा रही है।
100 से अधिक परियोजनाएं शामिल
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि लोक निर्माण विभाग स्पष्ट विजन के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। राज्य में कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे के विकास पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है।
सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मास्टर प्लान पुस्तिका में 100 से अधिक परियोजनाओं का विजन शामिल किया गया है। समय की आवश्यकता के अनुसार इसमें संशोधन भी किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पुस्तिका में रोड कनेक्टिविटी, इकॉनमी हब कनेक्टिविटी, ब्रिज डेवलपमेंट, सड़क सुरक्षा, स्लोप प्रोटेक्शन, टेक्नोलॉजी, वित्तीय प्रबंधन और नीतिगत सुधार जैसे प्रमुख विषयों को शामिल किया गया है।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद विश्वास डाबर, प्रमुख अभियंता राजेश चंद्र शर्मा, मुख्य अभियंता रणजीत रावत समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


No Previous Comments found.