श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: धामी
रुद्रप्रयाग में चारधाम यात्रा तैयारियों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 16 Apr, 2026 10:52 PMरुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और दिव्य यात्रा अनुभव देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को रुद्रप्रयाग पहुंचकर चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों की स्थिति, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और संचार व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा अवधि में सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी यात्रा मार्गों पर सतत और प्रभावी निगरानी रखी जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और अर्थव्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण यात्रा है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और विधायक आशा नौटियाल भी मौजूद रहीं।


No Previous Comments found.