उत्तराखंड में तकनीकी शिक्षा को मिलेगा बड़ा विस्तार, 8 नए पॉलिटेक्निक कॉलेज खुलेंगे

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 25 Mar, 2026 09:45 PM
उत्तराखंड में तकनीकी शिक्षा को मिलेगा बड़ा विस्तार, 8 नए पॉलिटेक्निक कॉलेज खुलेंगे

देहरादून, 25 मार्च 2026। प्रदेश में तकनीकी शिक्षा को सशक्त और व्यापक बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने विभाग की पहली समीक्षा बैठक में राज्य में 8 नए पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की घोषणा की है।


मंत्री ने स्पष्ट किया कि विभाग में लंबे समय से रिक्त पड़े शैक्षणिक और शिक्षणेत्तर पदों को भरना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही पदोन्नति से जुड़े मामलों को भी तेजी से निपटाया जाएगा, ताकि संस्थानों में कार्यप्रणाली बेहतर हो सके और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।


बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालयों, कैंपस कॉलेजों और राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में खाली पड़े पदों पर जल्द स्थायी नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण छात्रों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।



पर्वतीय क्षेत्रों में खुलेंगे नए संस्थान



सरकार द्वारा प्रस्तावित 8 नए पॉलिटेक्निक संस्थान मुख्य रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में स्थापित किए जाएंगे। इनमें चोपता (रुद्रप्रयाग), पोखरी (चमोली), पौड़ी और सतपुली (पौड़ी), नई टिहरी, टिपली (उत्तरकाशी), कपकोट (बागेश्वर) और पिथौरागढ़ शामिल हैं। इन संस्थानों के खुलने से दूरदराज क्षेत्रों के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।



निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर जोर



मंत्री धन सिंह रावत ने विभाग के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन संस्थानों में छात्रावास की आवश्यकता है, उनकी डीपीआर जल्द तैयार कर शासन को भेजी जाए।



नियमित होगी समीक्षा बैठक



मंत्री ने यह भी कहा कि विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए हर माह बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में पुराने कार्यों के साथ-साथ नई योजनाओं और नवाचारों पर भी विचार किया जाएगा।


बैठक में तकनीकी शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2