उत्तराखंड में वोटर लिस्ट का बड़ा अपडेट, 8 लाख से ज्यादा मतदाता ‘अनकलेक्टेड’ श्रेणी में
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 3 Jul, 2026 06:36 PMदेहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। शुक्रवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी Vijay Kumar Jogdande ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा करते हुए बताया कि प्रदेश में अब तक 71 लाख से अधिक मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं, जबकि 8 लाख से ज्यादा मतदाता ‘अनकलेक्टेड श्रेणी’ में चिन्हित किए गए हैं।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया चल रही है। 8 जून से 7 जुलाई तक गणना पत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के कुल 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं में से अब तक 70 लाख 98 हजार 501 मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज कर लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 8 लाख 39 हजार 486 मतदाता “अनकलेक्टेड श्रेणी” में शामिल हैं। इनमें 1 लाख 23 हजार 836 मृत मतदाता, 4 लाख 77 हजार 148 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 61 हजार 764 पहले से पंजीकृत, 1 लाख 68 हजार 259 अनुपस्थित और 8479 अन्य कारणों से इस श्रेणी में रखे गए हैं।
बैठक में बताया गया कि 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। वहीं 11 सितंबर तक सभी आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा और 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
Election Commission of India के तहत चल रही इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सभी दल अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) शत-प्रतिशत नियुक्त करें। वर्तमान में प्रदेश के 11,733 पोलिंग बूथों के मुकाबले विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा 23,102 बीएलए नियुक्त किए जा चुके हैं।
बैठक में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बसपा और सीपीआई(एम) सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।



No Previous Comments found.