विकास योजनाओं को धामी सरकार की मंजूरी, ₹29.10 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 21 May, 2026 09:10 PM
विकास योजनाओं को धामी सरकार की मंजूरी, ₹29.10 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अवस्थापना विकास, पेयजल व्यवस्था और जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के लिए ₹29.10 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को इनका सीधा लाभ मिल सके।


मुख्यमंत्री ने आवास विभाग के अंतर्गत जनपद नीलकंठ में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण कार्य हेतु ₹48.82 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी है। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में ₹19.53 करोड़ जारी किए गए हैं। यह परियोजना तीर्थ क्षेत्र में यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


वहीं, जनपद सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं में पेयजल सुविधा बेहतर करने के लिए 38 इंडिया मार्क-II हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए ₹1.36 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति के साथ प्रथम किश्त के रूप में ₹50 लाख की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।


जनपद टिहरी गढ़वाल की हिण्डोलाखाल पम्पिंग पेयजल योजना के अंतर्गत ऊर्जा दक्ष पम्पों की खरीद के लिए ₹9.73 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। योजना के क्रियान्वयन हेतु प्रथम किश्त के रूप में ₹3.89 करोड़ जारी किए गए हैं।


इसके अलावा पिथौरागढ़ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नेडा बस्ते में देवभूमि रजत जयंती पार्क निर्माण कार्य हेतु ₹9.81 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है, जबकि प्रथम किश्त के रूप में ₹1.97 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।


मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला 2027 के तहत पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम द्वारा प्रस्तावित अस्थायी प्रकृति के 10 मरम्मत कार्यों के लिए ₹3.21 करोड़ की योजना को भी मंजूरी प्रदान की है।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, अवस्थापना विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के समय पर क्रियान्वयन से जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2