मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹24 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति दी
चम्पावत, पौड़ी और उत्तरकाशी में पर्यटन, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास को मिलेगी गति
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 5 Jun, 2026 08:56 PMदेहरादून, 5 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगभग 24 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में पूर्णागिरी मेले के दौरान व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सेलागांव में बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन के निर्माण हेतु 8.54 करोड़ रुपये की परियोजना के सापेक्ष 4 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही मानस मंदिर माला मिशन के अंतर्गत श्री हनुमानगढ़ी मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए 4.91 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने जनपद पौड़ी गढ़वाल स्थित पर्यटक आवास गृह खिर्सू के नवीनीकरण एवं उच्चीकरण हेतु 4.01 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के विकास के तहत जनपद उत्तरकाशी के विधानसभा क्षेत्र पुरोला में न्याय पंचायत मुख्यालय जखोली-फिताड़ी स्थित श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समतलीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 1.09 करोड़ रुपये तथा विकासखंड नौगांव स्थित रंवाई घाटी के आराध्य देव श्री रुद्रेश्वर महाराज मंदिर, बिल्ला नौगांव के सौंदर्यीकरण के लिए 1.07 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जिला कारागार पौड़ी में नवीन आवासीय भवन के निर्माण हेतु 9.25 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का भी अनुमोदन दिया है। इस परियोजना के पूर्ण होने से कारागार परिसर में आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा तथा कर्मचारियों को बेहतर आवासीय व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
राज्य सरकार की इन स्वीकृतियों से संबंधित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने, धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।



No Previous Comments found.