रुड़की के नेहरू स्टेडियम का होगा कायाकल्प, ₹2.28 करोड़ की खेल परियोजना का भूमि पूजन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 10 May, 2026 10:29 PMरुड़की। रुड़की के ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मॉडर्न स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत ₹2.28 करोड़ की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी खेल परियोजना का भूमि पूजन एवं हवन कार्यक्रम रविवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा लंबे समय से नेहरू स्टेडियम के विकास को लेकर लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस परियोजना की घोषणा करवाने से लेकर विधानसभा सदन में इसे प्रमुखता से उठाने तक हर स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई। उनके निरंतर प्रयासों के बाद अब इस परियोजना पर धरातल पर कार्य शुरू हो गया है।
इस अवसर पर प्रदीप बत्रा ने कहा कि रुड़की की किसी भी खेल प्रतिभा को संसाधनों की कमी के कारण पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नेहरू स्टेडियम को शहर की पहचान और गौरव के अनुरूप आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से विकसित किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि यह स्पोर्ट्स हब न केवल रुड़की को खेल जगत में नई पहचान दिलाएगा, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम भी बनेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह परिसर भविष्य में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने इसे कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा की विकासपरक सोच, प्रतिबद्धता और क्षेत्र के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। क्षेत्रवासियों का मानना है कि आने वाले समय में यह आधुनिक स्पोर्ट्स हब रुड़की की खेल प्रतिभाओं के लिए बड़ा वरदान साबित होगा।



No Previous Comments found.