पुरूकुल-मसूरी रोपवे परियोजना: प्रभावित क्षेत्र के लिए 1.32 करोड़ रुपये की वैकल्पिक सड़क का शिलान्यास

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी बोले- विकास के साथ स्थानीय लोगों की सुविधाओं का भी रखा जा रहा है पूरा ध्यान

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 13 Jul, 2026 07:57 PM
पुरूकुल-मसूरी रोपवे परियोजना: प्रभावित क्षेत्र के लिए 1.32 करोड़ रुपये की वैकल्पिक सड़क का शिलान्यास

देहरादून, 13 जुलाई। देहरादून के पुरूकुल गांव से मसूरी के लाइब्रेरी चौक तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना से प्रभावित क्षेत्र के निवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने परियोजना के लोअर टर्मिनल के ऊपर स्थित आवासीय क्षेत्र के लिए 1.31 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत से बनने वाले वैकल्पिक मोटर मार्ग का शिलान्यास किया।

यह सड़क रोपवे परियोजना से प्रभावित स्थानीय आबादी के लिए वैकल्पिक संपर्क मार्ग के रूप में विकसित की जाएगी।

डेढ़ किलोमीटर लंबा होगा वैकल्पिक मोटर मार्ग

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार विकास परियोजनाओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों के हितों और सुविधाओं को भी समान प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि लगभग 1.5 किलोमीटर लंबे इस वैकल्पिक मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्रवासियों की आवाजाही अधिक सुगम होगी।

उन्होंने कार्यदायी संस्था और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए तथा परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

रोपवे परियोजना से सुधरेगी कनेक्टिविटी

मंत्री ने कहा कि देहरादून और मसूरी के बीच प्रस्तावित रोपवे परियोजना दोनों शहरों के बीच आवागमन को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके साथ ही परियोजना से प्रभावित स्थानीय निवासियों के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क संपर्क और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और यह वैकल्पिक मार्ग क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह रावत, किरन, अनुराग सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (ईई) राजेश कुमार सहित स्थानीय ग्रामीण और अन्य लोग उपस्थित रहे।

#Uttarakhand #Dehradun #Mussoorie #RopewayProject #GaneshJoshi #Infrastructure #RoadProject #Development #UttarakhandNews #YugvartaNews


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2