मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹105 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी, कुम्भ-2027 तैयारियों को भी मिली गति
सड़कों, धार्मिक स्थलों, शहरी विकास, न्यायिक अधोसंरचना और कुम्भ मेला तैयारियों से जुड़ी योजनाओं को मंजूरी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 17 Jun, 2026 07:42 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अवस्थापना विकास, सड़क निर्माण, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, शहरी सुविधाओं के विस्तार तथा कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के लिए कुल ₹105 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद की नगर पंचायत भिकियासैंण स्थित हरूहीत मंदिर कढ़ोली के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार के लिए ₹93.36 लाख की स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किश्त के रूप में ₹56 लाख जारी करने का अनुमोदन किया। वहीं, पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड द्वारीखाल स्थित मां बाल कुँवारी माता मंदिर, देवीखाल के सौंदर्यीकरण हेतु ₹72.67 लाख की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त के रूप में ₹43.60 लाख जारी करने को मंजूरी दी गई।
श्रम न्यायालयों में ट्रांसजेंडर, दिव्यांगजन एवं महिलाओं के लिए पृथक शौचालय और अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए देहरादून, काशीपुर और हरिद्वार में कुल ₹1.41 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा पर्यटन विभाग के माध्यम से अल्मोड़ा जनपद की रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में ₹1.50 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में एलईडी स्ट्रीट लाइट स्थापना के लिए ₹4.96 करोड़ तथा रामनगर स्थित दीवानी न्यायालय में न्यायिक कर्मचारियों के लिए टाइप-3 आवासीय भवन निर्माण हेतु ₹18.59 लाख की स्वीकृति प्रदान की है।
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को मिली मजबूती
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मायापुर में फायर स्टेशन के लिए 50 बिस्तरों वाले बैरक निर्माण हेतु भारत सरकार द्वारा स्वीकृत ₹4.17 करोड़ के उपयोग को भी मुख्यमंत्री ने अनुमोदित किया है। इससे आगामी कुम्भ मेले के दौरान आपदा एवं अग्निशमन प्रबंधन को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
शहरी विकास और स्वच्छता परियोजनाओं के लिए ₹48.58 करोड़
मुख्यमंत्री ने शहरी विकास विभाग के तहत विभिन्न नगर निकायों में पशु शवदाह गृह निर्माण, लीगेसी वेस्ट निस्तारण, कूड़ा वाहन एवं उपकरण खरीद जैसी परियोजनाओं के लिए कुल ₹48.58 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है।
इस राशि से हल्द्वानी-काठगोदाम, रुद्रपुर, हरिद्वार और रुड़की में पशु शवदाह गृह विकसित किए जाएंगे। वहीं शिवालिक नगर, चम्बा, कर्णप्रयाग, बागेश्वर, सुल्तानपुर-आदमपुर और द्वाराहाट सहित कई नगर निकायों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
सड़क और संपर्क मार्गों के विकास को भी मंजूरी
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनपदों में सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों के लिए भी बड़ी वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इनमें प्रमुख रूप से—
- रायपुर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों एवं नालियों के पुनर्निर्माण हेतु ₹7.76 करोड़।
- रुद्रपुर शहर में गाबा चौक से डीडी चौक तक सड़क चौड़ीकरण के लिए ₹13.73 करोड़।
- रुद्रप्रयाग जनपद के छेनागाड़-बक्सीर मोटर मार्ग के डामरीकरण हेतु ₹4.02 करोड़।
इसके अलावा राज्य योजना के अंतर्गत—
- लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के सुधार के लिए ₹3.87 करोड़।
- चम्पावत में मौनपोखरी से हरेश्वर मंदिर तक सड़क सुधार एवं डामरीकरण हेतु ₹9.87 करोड़।
- रामनगर विधानसभा क्षेत्र में हनुमानधाम मंदिर मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए ₹4.06 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
राज्य सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से धार्मिक पर्यटन, शहरी सुविधाओं, न्यायिक आधारभूत संरचना और सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी लाभ होगा।



No Previous Comments found.