चारधाम ट्रैफिक मॉडल को राष्ट्रीय पहचान, उत्तराखंड पुलिस को SKOCH Award

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 24 Feb, 2026 08:38 PM
चारधाम ट्रैफिक मॉडल को राष्ट्रीय पहचान, उत्तराखंड पुलिस को SKOCH Award

Dehradun : उत्तराखंड पुलिस के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि चारधाम यात्रा 2025 के सफल संचालन हेतु विकसित अभिनव ट्रैफिक एवं कंट्रोल रूम प्रबंधन प्रणाली को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित SKOCH Award – India’s Honest Independent Honour के लिए चयनित किया गया है।


पुलिस अधीक्षक (यातायात) देहरादून लोकजीत सिंह के नेतृत्व में “चारधाम यात्रा 2025 : निर्बाध तीर्थ प्रबंधन हेतु अभिनव कंट्रोल रूम समाधान” नामांकन को 106वें SKOCH समिट में सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार शासन और विकास के क्षेत्र में परिणाम-आधारित नवाचारों के लिए प्रदान किया जाता है।


चारधाम यात्रा के दौरान उत्तराखंड में प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। वर्ष 2025 में यातायात को सुचारु, सुरक्षित और तकनीक-आधारित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा उन्नत कंट्रोल रूम सिस्टम, रियल-टाइम मॉनिटरिंग, डिजिटल समन्वय, इंटेलिजेंट रूट डायवर्जन और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सशक्त किया गया। इसके चलते जाम में उल्लेखनीय कमी आई और तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हुई।


यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस और युवा पुलिस अधिकारी एसपी (ट्रैफिक) लोकजीत सिंह की तकनीकी दक्षता, पारदर्शी कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण है। चारधाम यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में प्रभावी यातायात प्रबंधन राज्य की प्रशासनिक क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है।


यह पुरस्कार 28 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित 106वें SKOCH समिट में प्रदान किया जाएगा। उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने इस उपलब्धि पर लोकजीत सिंह सहित पूरी ट्रैफिक पुलिस टीम को बधाई देते हुए इसे पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत बताया।


उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 की चारधाम यात्रा के अनुभवों से सीख लेते हुए 2025 के लिए एक सशक्त और केंद्रीकृत रणनीति तैयार की गई। IG रेंज के अंतर्गत प्रभावी कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी लोकजीत सिंह को सौंपी गई, जिसे उन्होंने सीमित समय में आधुनिक तकनीक और बहु-एजेंसी समन्वय के साथ सशक्त रूप दिया।


धराली आपदा के दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन, पहलगाम आतंकी हमले के समय सुरक्षा समन्वय और विभिन्न हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं के दौरान राहत-बचाव कार्यों की निगरानी जैसे चुनौतीपूर्ण हालात में कंट्रोल रूम की त्वरित और संवेदनशील भूमिका ने यात्रा को सुरक्षित बनाए रखा।


लोकजीत सिंह इससे पूर्व भी कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं। वर्ष 2021 में कोविड प्रबंधन के लिए उन्हें FICCI Smart Policing Award, तथा 2024 में चारधाम यात्रा प्रबंधन के लिए राज्यपाल द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया था।


राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह SKOCH Award न केवल एक अधिकारी के नेतृत्व की पहचान है, बल्कि उत्तराखंड की प्रशासनिक दक्षता और पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता का भी गौरवपूर्ण प्रमाण है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2