भागीरथी में बढ़ा जलस्तर, टापू में फंसे दो लोगों को SDRF ने रात में किया रेस्क्यू
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 23 May, 2026 10:29 PMउत्तरकाशी। भागीरथी नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के बीच नदी के बीच बने टापू पर फंसे दो व्यक्तियों को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने रात्रि अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चलाए गए इस रेस्क्यू अभियान में SDRF जवानों ने सूझबूझ और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए दोनों लोगों की जान बचाई।
रात 9 बजे मिली सूचना, तुरंत हरकत में आई SDRF
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9 बजे डीसीआर उत्तरकाशी के माध्यम से SDRF टीम उजेली को सूचना मिली कि उत्तरकाशी क्षेत्र में भागीरथी नदी के बीच बने एक टापू पर दो व्यक्ति अचानक जलस्तर बढ़ने और नदी के तेज बहाव के कारण फंस गए हैं। अंधेरा होने और बहाव तेज होने की वजह से दोनों लोग स्वयं सुरक्षित बाहर निकलने में असमर्थ थे।
मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में चला अभियान
सूचना मिलते ही SDRF टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मुख्य आरक्षी दुर्गेश रतूड़ी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। रात्रि का समय, सीमित दृश्यता और नदी का तेज बहाव रेस्क्यू अभियान को चुनौतीपूर्ण बना रहा था।
रोप रेस्क्यू तकनीक से पहुंची टीम, दोनों को सुरक्षित निकाला
SDRF जवानों ने हालात को देखते हुए रोप रेस्क्यू तकनीक स्थापित की और लाइफ जैकेट समेत अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से चरणबद्ध तरीके से नदी के बीच बने टापू तक पहुंच बनाई। जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम दोनों फंसे व्यक्तियों तक पहुंचने में सफल रही, जो लंबे समय से मदद का इंतजार कर रहे थे।
इसके बाद रेस्क्यू टीम ने दोनों व्यक्तियों को सुरक्षा उपकरण पहनाकर सावधानीपूर्वक नदी की मुख्य धारा से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।



No Previous Comments found.